गाजीपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मुख्तार अंसारी गैंग के सहयोगी रेयाज की 24 करोड़ की बेनामी संपत्ति कुर्क
IS-191 गैंग पर पुलिस का शिकंजा, 6 जगहों पर फैली करोड़ों की अवैध ज़मीन जब्त कर अपराधियों को कड़ा संदेश

रिपोर्ट: राहुल पटेल, गाज़ीपुर
गाजीपुर। गाजीपुर पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए IS-191 गैंग के पूर्व सरगना मृत मुख्तार अंसारी के सहयोगी रेयाज अहमद अंसारी की लगभग 24 करोड़ रुपये की बेनामी अचल संपत्ति को कुर्क कर जब्तीकरण की प्रक्रिया पूरी की है। यह संपत्ति रेयाज अहमद ने अपने खास सहयोगी और फरार अभियुक्त परवेज़ जमाल की पत्नी यासमीन जमाल तथा उसके पिता ऐनुलहक के नाम से खरीदी थी।
पुलिस के अनुसार, छह अलग-अलग स्थानों पर स्थित भूमि को कुर्क किया गया है। बताया जाता है कि रेयाज अहमद अंसारी और परवेज़ जमाल के खिलाफ हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और दोनों लंबे समय से संगठित अपराध से जुड़े रहे हैं।
कुर्की की इस कार्रवाई में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद, तहसीलदार कासिमाबाद और थाना प्रभारी कासिमाबाद अपनी टीम के साथ मौजूद रहे। पुलिस की इस कार्यवाही ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि अपराधियों और उनके संरक्षकों के खिलाफ शासन की जीरो टॉलरेंस की नीति हर स्तर पर जारी है।




