Varanasiशासन प्रशासन

वाराणसी: जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदेय स्थल का औचक निरीक्षण किया, SIR अभियान में लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी

ख़बर भारत, वरिष्ठ संवादाता

वाराणसी। निर्वाचक नामावली के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (Special Intensive Revision- SIR) कार्य को सकुशल, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रविवार को मतदेय स्थल प्राथमिक विद्यालय अकथा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित सुपरवाइजर तथा बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी बीएलओ के मोबाइल में बीएलओ ऐप के एडवांस वर्जन की स्थिति जांची और इसे बेहतर तरीके से उपयोग करने के टिप्स दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि गणना प्रपत्र वितरित करने वाले मतदाताओं को ऐप पर तुरंत मार्क करें, ताकि प्रगति ऑनलाइन अपडेट रहे। मतदाता सूची में नाम जोड़ने-हटाने की प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी बीएलओ को 15 नवंबर तक गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के सख्त आदेश दिए गए।

जिलाधिकारी ने जनपद के सभी मतदाताओं से अपील की कि मजबूत लोकतंत्र के लिए चल रहे SIR अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं। गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) का वितरण शुरू हो चुका है। बीएलओ घर-घर जाकर फॉर्म दे रहे हैं। मतदाता इसे ध्यान से भरें, हस्ताक्षर करें और बीएलओ को वापस दें। यदि मतदाता अनुपस्थित हैं, तो परिवार का कोई वयस्क सदस्य सभी की जानकारी भरकर दे सकता है। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अभियान में सहयोग की अपील की गई, ताकि मतदाता सूची अधिकतम सटीक और पारदर्शी बने।

यह अभियान भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत चल रहा है, जिससे सभी पात्र नागरिकों के नाम सूची में शामिल हो सकें। निरीक्षण से बीएलओ में उत्साह आया और कार्य में तेजी आएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button