चन्दौली में किसान दिवस पर हंगामा, डीएम के सामने फूटा किसानों का गुस्सा
कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित किसान दिवस कार्यक्रम में पहुँचे किसानों ने खुलकर अपनी पीड़ा बयान की

चंदन सिंह, चन्दौली
चंदौली जनपद के कृषि विज्ञान केंद्र के सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जिला कृषि अधिकारी विनोद यादव सहित कृषि, राजस्व, सिंचाई व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए सैकड़ों किसानों ने अपनी समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखा।
मोथा चक्रवात ने तोड़ी किसानों की कमर, मुआवजे व जल निकासी की गुहार
नरवन परगना से आए किसान प्रभात सिंह उर्फ अनुज ने जिलाधिकारी को बताया कि हालिया मोथा चक्रवात के कारण पूरे क्षेत्र में धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। यह किसानों की मुख्य आमदनी का स्रोत था, जिसके नष्ट होने से आर्थिक संकट गहरा गया है।
किसान प्रभात सिंह ने मांग की :
– चक्रवात से हुए फसल नुकसान का तुरंत सर्वे कर उचित मुआवजा दिया जाए।
– जल-जमाव ग्रस्त क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए।
– कुछ लेखपालों द्वारा फैलाई जा रही अफवाह कि “मुआवजा लेने वालों का धान नहीं खरीदा जाएगा” पर तुरंत रोक लगे।
जिलाधिकारी व अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि कोई भी अफवाह पर ध्यान न दें, सभी पात्र किसानों को मुआवजा व न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद दोनों का लाभ मिलेगा।
महिला किसान ने सूखे धान के पौधे लेकर पहुँची डीएम के सामने, बीज विक्रेता पर लगाया नकली/अनुपजाऊ बीज बेचने का आरोप
कार्यक्रम के दौरान सबसे सनसनीखेज़ वाकया तब हुआ जब एक महिला किसान हाथ में सूखे हुए धान के पौधे लेकर अचानक मंच के सामने पहुँच गईं और जिलाधिकारी के सामने गुहार लगाई।
महिला किसान का आरोप :
– साहबगंज स्थित अवधेश सिंह के बीज भंडार से “MTU 13/18” नामक धान का बीज खरीदा था।
– नर्सरी तैयार की, रोपाई की, लेकिन फसल में एक भी दाना नहीं लगा, पैदावार शून्य (Zero Yield) रही।
– यही बीज साहबगंज क्षेत्र के कई गाँवों – भाड़रौरा, जिगना, मसोई, राडी आदि में बांटा गया था।
– सभी गाँवों के किसानों की फसल पूरी तरह चौपट, अब गेहूँ की बुआई का समय निकला जा रहा है, लेकिन बीज-खाद-कर्ज के लिए पैसे नहीं।
महिला किसान ने जिलाधिकारी से मांग की कि दोषी बीज विक्रेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और सभी प्रभावित किसानों को तुरंत राहत व मुआवजा दिया जाए।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मौके पर ही कृषि विभाग व उप जिलाधिकारी को मामले की तत्काल जाँच करने और दोषियों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित किसानों का सर्वे कराकर राहत देने का आश्वासन दिया।
किसान दिवस का यह आयोजन समस्याओं के समाधान के साथ-साथ प्रशासन व किसानों के बीच सीधे संवाद का बड़ा मंच बना, लेकिन फसल नुकसान व नकली बीज जैसे गंभीर मुद्दों ने एक बार फिर जिले में कृषि संकट की गहरी तस्वीर उजागर कर दी।




