Varanasi

Varanasi: आदर्श गांव नागेपुर में घरेलू महिला हिंसा के खिलाफ रैली-कार्यशाला आयोजित

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

 

वाराणसी (मिर्जामुराद)। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला हिंसा उन्मूलन पखवाड़े की शुरुआत बड़े उत्साह के साथ की गई। कार्यक्रम के पहले दिन लोक समिति आश्रम नागेपुर में महिला हिंसा एवं लैंगिक भेदभाव के खिलाफ एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया तथा गांव में जागरूकता रैली निकाली गई।

कार्यशाला के बाद ग्रामीणों ने एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया और नारे लगाए – “चुप नहीं रहना है, हिंसा नहीं सहना है”, “बाल विवाह बंद करो”, “महिला हिंसा बंद करो”, “दहेज प्रथा पर रोक लगाओ”, “यौन हिंसा पर रोक लगाओ” आदि।

लोक समिति एवं आशा ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 25 नवंबर से 16 दिसंबर तक चलने वाले इस पखवाड़े का मुख्य संदेश है – “भेदभाव मिटायेंगे, नया समाज बनायेंगे”। पखवाड़े के समापन पर 16 दिसंबर को निर्भया दिवस के अवसर पर आराजी लाइन ब्लाक के दर्जनों गांवों से साइकिल रैली निकाली जाएगी जो तहसील राजातालाब में पहुंचकर प्रदर्शन करेगी।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए महिला संगठन की नेत्री अनीता ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ होने वाली हिंसा पर खुलकर बोलना जरूरी है और इसे जड़ से खत्म करने के लिए समाज के सभी वर्गों को एकजुट होना होगा।

लोक समिति के संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि पुरुष-प्रधान ढांचागत व्यवस्था को बदलना समय की मांग है। हमें यह संकल्प लेना होगा कि अब और हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। महिलाओं को जागरूक रहकर हर तरह की हिंसा का विरोध करना होगा। अंधविश्वासों को तोड़ना भी जरूरी है क्योंकि ये भी हिंसा को बढ़ावा देते हैं। हमें सवाल उठाने की आदत डालनी होगी।

कार्यक्रम में नंदलाल मास्टर, सुनील मास्टर, श्यामसुंदर, मधुबाला, पंचमुखी, मनजीता, सीमा, अनीता, मनीष, आशा, आशीष, विद्या, मनीषा, बेबी, राजकुमारी, प्रेमा, मैनब बानो, सिताबुन, आशारानी, शिवकुमार, चन्द्रकला सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं-पुरुष उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button