गाजीपुर: धान क्रय केंद्रों पर SDM का औचक निरीक्षण, नदारद मिले नंदगंज प्रभारी पर गिरी गाज, 7 दिन में मांगा जवाब
निरीक्षण में गायब मिले प्रभारी को एसडीएम ने थमाया नोटिस, मांगा स्पष्टीकरण; सैदपुर में मिली सही व्यवस्था

रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय।
गाजीपुर/सैदपुर। गाजीपुर की तहसील सैदपुर में धान खरीद में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों पर प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। दैनिक समाचार पत्रों और किसानों से मिल रही लगातार शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और उपजिलाधिकारी (SDM) रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड ने सोमवार को धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जमीनी हकीकत परखी कि शासन की मंशा के अनुरूप किसानों से धान की खरीद हो रही है या नहीं।
निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी लापरवाही धान क्रय केंद्र नंदगंज पर देखने को मिली। जब एसडीएम दोपहर 1:00 बजे केंद्र पर पहुंचे, तो वहां सन्नाटा पसरा हुआ था और केंद्र प्रभारी पंकज सिंह ड्यूटी से नदारद मिले। मौके पर न तो कोई किसान मौजूद था और न ही खरीद की कोई गतिविधि चल रही थी, बल्कि वहां बाजरा उतारा जा रहा था। इस घोर लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए एसडीएम ने तत्काल प्रभाव से केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी कर दिया है। उन्होंने प्रभारी से अपनी अनुपस्थिति को लेकर 7 दिन के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा है और संतोषजनक जवाब न मिलने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।
वहीं, इससे पूर्व एसडीएम ने दोपहर 12:00 बजे विपणन केंद्र सैदपुर का निरीक्षण किया, जहां स्थितियां संतोषजनक पाई गईं। वहां केंद्र प्रभारी और अन्य कर्मचारी मुस्तैद मिले और मौके पर किसानों से धान की खरीद होती हुई पाई गई। प्रशासन के आंकड़ों के मुताबिक, सैदपुर के दोनों केंद्रों पर अब तक 18 हजार क्विंटल से अधिक की खरीद हो चुकी है। एसडीएम की इस छापेमारी से तहसील क्षेत्र के अन्य लापरवाह कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है।




