Varanasi

पुराने मकान में हो रहा था निर्माण, निर्माणाधीन मकान के मलबे में दबकर मजदूर की मौत

हादसे के बाद मजदूर साथी लेकर पं.दीनदयाल अस्पताल पहुंचे, चिकित्सक निरीक्षणोपरांत मृत घोषित, ठेकेदार व मकान मालिक फरार

  नीरज सिंह, वाराणसी 

 

वाराणसी। सिकरौल भोजूबीर चौरा माता मंदिर के सामने पुराने मकान को तोड़कर नए निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान गड्ढा खोदते हुए मलबा गिरने से एक मजदूर मलबे में दब गया। गंभीर रूप से घायल मजदूर को तत्काल ट्रामा सेंटर दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान धर्मेंद्र प्रजापति पुत्र दया प्रजापति निवासी शिवरामपुर थाना चोलापुर कमिश्नरेट वाराणसी के रूप में हुई है। उनकी उम्र 38 वर्ष बताई जा रही है। वे ठेकेदार बबलू चौहान पुत्र स्वर्गीय माली चंद चौहान निवासी सिकरौल पोखरा चौरा मंदिर के पास के लिए काम कर रहे थे। निर्माण स्थल पर गड्ढा खोदकर पिलर लगाने का कार्य चल रहा था। तभी अगल-बगल रखा मलबा उसी गड्ढे में गिर पड़ा, जिसमें धर्मेंद्र प्रजापति काम कर रहे थे। मलबे में दबने से वे बुरी तरह घायल हो गए।

सूचना मिलते ही अन्य मजदूरों और आसपास के लोगों ने फौरन बचाव कार्य शुरू किया। किसी तरह उन्हें मलबे से निकालकर दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया। वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र प्रजापति विवाहित थे और उनके दो बच्चे हैं। मृतक का शव फिलहाल अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है।

स्थानीय लोगों ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपायों की कमी का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। यह हादसा क्षेत्र में सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े कर रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button