Varanasi

Varanasi: दिनदहाड़े हैंडलूम सिल्क हाउस में डकैती का आरोप, पुलिस पर भी कार्रवाई न करने का लगाया गंभीर आरोप

अजय त्रिपाठी, वाराणसी

 

वाराणसी। जंगमबाड़ी स्थित हैंडलूम सिल्क हाउस में दिनदहाड़े ताला तोड़कर लाखों रुपये की साड़ियों और नगदी लूटे जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। पीड़िता श्रीमती मंजू देवी ने पुलिस आयुक्त वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर विपक्षीगण पर डकैती, मारपीट, धमकी और अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है। साथ ही थाना दशाश्वमेध पुलिस पर मुकदमा दर्ज न करने का भी आरोप लगाया है।

प्रार्थना पत्र के अनुसार, मंजू देवी के पुत्र राहुल वर्मा साड़ी का कारोबार करते हैं और फेरी के सिलसिले में हैदराबाद जाते रहते हैं। आरोप है कि 28 नवंबर 2025 को कुछ परिचित कारोबारी उनके साथ हैदराबाद गए और 2 दिसंबर को वाराणसी लौटते समय कैंट क्षेत्र में राहुल वर्मा को जबरन ऑटो में बैठाकर मारपीट की गई। भीड़ जुटने पर आरोपितों ने कथित तौर पर सूटकेस से नगदी निकाल ली और सोने की चेन छीन ली। साथ ही सात लाख रुपये की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता का कहना है कि इस संबंध में कई बार पुलिस अधिकारियों और आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि संबंधित पक्ष राजनीतिक प्रभाव का हवाला देकर खुलेआम धमकी दे रहे हैं।

मंजू देवी के अनुसार, 22 जनवरी 2026 को शाम करीब 5 से 8 बजे के बीच आरोपितों ने जंगमबाड़ी स्थित उनकी दुकान का ताला तोड़कर अपना ताला लगा दिया। वहीं 12 जनवरी को दुकान खोलने पहुंचीं पीड़िता के साथ कथित रूप से अभद्रता और मारपीट की गई।

सबसे गंभीर आरोप 10 फरवरी 2026 की घटना को लेकर लगाया गया है। पीड़िता का दावा है कि दोपहर 12 से 1 बजे के बीच 4-5 ट्रॉली बनारसी साड़ियां और करीब दो लाख रुपये नगद दुकान का ताला तोड़कर लूट लिए गए। इस मामले में भी थाना दशाश्वमेध में लिखित शिकायत देने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं किए जाने का आरोप है।

पीड़िता ने पुलिस आयुक्त से मांग की है कि नामजद आरोपितों समेत अज्ञात लोगों के खिलाफ तत्काल प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कर लूटी गई संपत्ति की बरामदगी सुनिश्चित की जाए और परिवार को सुरक्षा प्रदान की जाए।

फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button