VaranasiNews

गौशालाओं में गायों की मृत्यु दर शून्य करने का लक्ष्य: महापौर व नगर आयुक्त ने दिए गौशालाओं में स्वच्छता व स्वास्थ्य प्रबंधन सुधारने का सख्त निर्देश

अजय त्रिपाठी, वाराणसी

वाराणसी। नगर निगम वाराणसी गौशालाओं में गायों की सेहत और सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं करेगा। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने गौशालाओं में सफाई, नियमित टीकाकरण और पौधारोपण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने का सख्त निर्देश दिया है, ताकि गौशालाओं में गायों की मृत्यु दर शून्य रहे।

महापौर अशोक कुमार तिवारी सोमवार को सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गौशालाओं के कायाकल्प और शहर के हरित क्षेत्र की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।

पिछले दो वर्षों में लगे 28 हजार पौधों की जियो-लोकेशन के साथ तलब की रिपोर्ट

बैठक में महापौर ने पिछले दो वर्षों के दौरान शहर की विभिन्न कॉलोनियों और मोहल्लों में ट्री-गार्ड के साथ रोपे गए करीब 28,000 पौधों की स्थिति पर कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने उद्यान विभाग से एक निर्धारित फॉर्मेट में एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

इस रिपोर्ट में प्रत्येक पौधे की जियो-लोकेशन, ट्री-गार्ड की स्थिति और जीवित व सूखे पौधों का स्पष्ट विवरण मांगा गया है। महापौर ने यह भी पूछा कि जो पौधे सूख गए हैं, उनके स्थान पर नए पौधे लगाए गए या नहीं।

नगर आयुक्त ने दिए गुणवत्ता सुधार के निर्देश

बैठक में मौजूद नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि गौशालाओं और पौधारोपण अभियान में किसी भी स्तर पर पारदर्शिता की कमी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने गौशालाओं में चारे की गुणवत्ता और चिकित्सकों की उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने कहा कि गौशालाओं में स्वच्छता और स्वास्थ्य प्रबंधन को और बेहतर बनाने की जरूरत है।

“पौधों और गायों का संरक्षण हमारी प्राथमिकता है”

 

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने स्पष्ट कहा कि पौधों और गायों का संरक्षण हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने चेतावनी दी कि एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट न मिलने या तथ्यों में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

बैठक में अपर नगर आयुक्त अमित कुमार, उद्यान अधीक्षक डॉ. वीके सिंह और पशु एवं कल्याण चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष पाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

यह बैठक गौशालाओं के समग्र सुधार और शहर को हरित बनाने की दिशा में नगर निगम की गंभीर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button