Aligarh

Aligarh: पाँच वर्षों में विकास ठप, ग्राम प्रधान पर वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप

योगेश उपाध्याय, विशेष संवाददाता, अलीगढ़

 

अलीगढ़ जनपद की इगलास तहसील अंतर्गत ग्राम बिचौला में पंचायत के पिछले पाँच वर्षों के कार्यकाल में विकास कार्य न होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गाँव की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों ने खुलकर अपनी नाराज़गी जाहिर की है।

ग्रामीणों के अनुसार गाँव में नालियाँ टूटी हुई हैं, सड़कें और खरंजे जर्जर अवस्था में हैं, पोखरों में पानी की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है तथा कचरा निस्तारण केंद्र पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। आरोप है कि ग्राम प्रधान विद्या देवी के कार्यकाल में विकास निधि का सही उपयोग नहीं हुआ और धन के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। वहीं प्रधान प्रतिनिधि पर दबंगई दिखाने के भी आरोप लगाए गए हैं।

इसके अलावा प्राथमिक विद्यालय में गंभीर अव्यवस्थाएँ सामने आई हैं। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक पर नशे की हालत में विद्यालय आने का आरोप लगाया है। आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति भी दयनीय बताई जा रही है, जबकि सार्वजनिक शौचालय उपयोग के योग्य नहीं हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि पेंशन योजनाओं का लाभ पात्रों को नहीं मिल पा रहा है तथा मरघट और बारातघर जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव बना हुआ है। इन तमाम समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अलीगढ़ से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गाँव में विकास कार्यों को गति देगा और जिम्मेदारों पर आवश्यक कार्रवाई करेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button