Chandauli: डीडीयू जंक्शन के पास दर्दनाक हादसा, मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ते ही युवक की करंट से मौत
हाई टेंशन लाइन की चपेट में आकर लगी आग, देखते ही देखते जलकर हुई मौत, नहीं हो पाई शिनाख़्त

रंधा सिंग, चंदौली
चंदौली जिले में डीडीयू जंक्शन के आरआरआई के समीप बुधवार को एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। मालगाड़ी के इंजन पर चढ़े एक युवक की हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही युवक इंजन पर चढ़ा, वह ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन से टकरा गया, जिससे तेज चिंगारी के साथ आग भड़क उठी। आग की लपटों में घिरा युवक कुछ ही पलों में बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही जान चली गई।
घटना के बाद लोको पायलट ने तत्परता दिखाते हुए इंजन पर लगी आग को बुझाया, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही आग ने पूरे शरीर को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को इंजन से नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। युवक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस शिनाख्त के प्रयास में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।




