Chandauli

Chandauli: डीडीयू स्टेशन पर RPF-GRPF की संयुक्त कार्रवाई, युवक से 60 लाख नकद बरामद; हवाला या टैक्स चोरी की आशंका

रंधा सिंह, चन्दौली

 

चंदौली: पंडित दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन स्टेशन के फुट ओवरब्रिज पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गुरुवार को बड़ी सफलता हासिल की। टीम ने एक युवक को दबोच लिया, जिसके पास से 500 रुपये के नोटों की गड्डियों में कुल 60 लाख रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी ने अपना नाम आयुष राज बताया और पूछताछ में खुलासा किया कि वह यह रकम वाराणसी से बिहार के सासाराम ले जा रहा था। वह डीडीयू स्टेशन से ट्रेन पकड़कर सासाराम पहुंचने वाला था।

 

आरपीएफ प्रभारी ने बताया कि युवक के पास रकम के वैध स्रोत का कोई दस्तावेज, जीएसटी बिल या लेन-देन का प्रमाण नहीं मिला। प्राथमिक जांच में हवाला कारोबार या सोने-चांदी के अवैध क्रय-विक्रय से जुड़े टैक्स चोरी के रैकेट की आशंका जताई जा रही है। कई कारोबारी ऐसे हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल कर नकदी एक राज्य से दूसरे राज्य तक पहुंचाते हैं। पुलिस ने युवक से गहन पूछताछ शुरू कर दी है और उसके संपर्क सूत्रों, मोबाइल कॉल डिटेल तथा यात्रा रिकॉर्ड की छानबीन की जा रही है।

बरामद 60 लाख रुपये जब्त कर लिए गए हैं और आयकर विभाग को मामले की सूचना दे दी गई है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह राशि आखिर बिहार में कहां और किसके लिए ले जाई जा रही थी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button