
दुलहीपुर में बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या, गांव में दहशत का माहौल
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के दुलहीपुर गांव में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 65 वर्षीय महिला की सिर कुचलकर निर्मम हत्या कर दी गई। महिला अपने घर में अकेली रहती थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) ने भी घटनास्थल का दौरा किया।
जानकारी के मुताबिक, चमेली देवी (65) अपने पति की मृत्यु के बाद दुलहीपुर गांव में अकेली रहती थीं। बीती रात अज्ञात हमलावर ने उनके घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी। सुबह एक बच्ची दूध देने के लिए उनके घर पहुंची और शव देखकर चीख-पुकार मचाने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस को सूचना दी।
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी गगनराज और उनकी टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस को मौके पर खून से सने ईंट और पत्थर मिले, जिससे प्रारंभिक अनुमान लगाया जा रहा है कि इनका इस्तेमाल हत्या के लिए किया गया। पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे और एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने भी मौके का मुआयना किया और जांच के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है, और लोग असुरक्षा की भावना से घिरे हुए हैं।




