VaranasiNews

देव दीपावली और छठ पूजा की तैयारियों का प्रमुख सचिव ने किया निरीक्षण

नमो घाट से सामने घाट तक सफाई, समतलीकरण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

~ नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव ने घाटों की सफाई को लेकर किया समीक्षा बैठक

~ तैयारियों को लेकर की जा व्यवस्था का प्रमुख सचिव ने घाटों का किया निरीक्षण

~ घाटों पर चेंजिंग रूम और अतिरिक्त लाइट लगाने के दिए निर्देश

~ नमो घाट से सामने घाट तक प्रमुख सचिव ने किया निरीक्षण

~ ऊबड़-खाबड़ जगहों के समतलीकरण और घास की सफाई के निर्देश

~ सीवर जाम रोकने के लिए जल निगम को सौंपी जिम्मेदारी, 150 पंप मशीनों से सिल्ट की सफाई

~ घाटों पर लगाए जाएंगे चेतावनी बोर्ड और चेंजिंग रूम

~ प्रत्येक घाट पर 10 कर्मचारियों की सफाई टीम

~ श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु अतिरिक्त लाइटिंग और सुरक्षा व्यवस्था

वाराणसी। आगामी डाला छठ और देव दीपावली पर्व को लेकर घाटों पर हो रही तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद ने गुरुवार को नमो घाट से लेकर सामने घाट तक का व्यापक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

घाटों पर सीवर और घास की सफाई के आदेश

निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां भी घाटों पर ऊबड़-खाबड़ जगहें हैं, उन्हें आज रात तक समतल करा दिया जाए। उन्होंने कहा कि कहीं भी घास या गंदगी नहीं रहनी चाहिए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि किसी घाट पर सीवर जाम की समस्या न हो। इसके लिए जल निगम को आज ही सभी घाटों की जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए गए।

सुरक्षा और सुविधा के लिए लगेंगे चेतावनी बोर्ड व चेंजिंग रूम

प्रमुख सचिव ने स्नानार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए निर्देश दिया कि सभी घाटों पर “आगे गहरा पानी है” के चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। साथ ही, चेंजिंग रूम की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और रस्सियों की बैरिकेडिंग भी लगाई जाए ताकि भीड़ के दौरान किसी तरह की दुर्घटना न हो।

उन्होंने कहा कि घाटों पर पर्याप्त सफाई कर्मी तैनात किए जाएं और कूड़ा उठाने का कार्य त्वरित गति से किया जाए।

समीक्षा बैठक में दिए निर्देश — 150 पंप मशीनों से होगी सिल्ट की सफाई

निरीक्षण से पूर्व प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद ने सर्किट हाउस सभागार में अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक भी की। बैठक में घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

उन्होंने बताया कि घाटों पर जमा सिल्ट (गाद) की सफाई के लिए वर्तमान में लगाए गए 73 पंपों की संख्या बढ़ाकर 150 की जाए, ताकि सफाई का कार्य शीघ्र पूरा किया जा सके। इसके अलावा, प्रत्येक घाट पर 10 कर्मचारियों की टीम गठित कर सफाई का कार्य संचालित करने के निर्देश दिए गए।

रात में भी दिखेगी रोशनी, श्रद्धालुओं को नहीं होगी असुविधा

प्रमुख सचिव ने यह भी कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी प्रमुख घाटों पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था (लाइटें) लगाई जाएं ताकि रात के समय भी श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि पर्व के दौरान घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित हो सके।

निरीक्षण में मौजूद रहे अधिकारी

निरीक्षण और बैठक के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, निदेशक स्थानीय निकाय अनुज झा, मंडल आयुक्त एस. राजलिंगम, वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग, नगर आयुक्त अक्षत वर्मा, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह, महाप्रबंधक जलकल अनूप सिंह, तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button