Ghazipur: खड़े ट्रैक्टर से टकराई बाइक, दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की दर्दनाक मौत
राहुल पटेल, गाज़ीपुर

गाजीपुर। नगसर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई। यह हादसा दिलदारनगर मार्ग पर सरहुला और गगरन के बीच हुआ, जब तेज रफ्तार बाइक ईंट से लदे खड़े ट्रैक्टर में जा टकराई।
जानकारी के मुताबिक, सुहवल थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव निवासी चंद्रकेश यादव (20) अपने बड़े भाई दुर्गेश यादव (30) को दिलदारनगर स्टेशन छोड़ने के लिए बाइक से जा रहा था। उनके साथ गांव के ही गोवर्धन राम (30) भी सवार थे। रास्ते में राइस मिल के पास सड़क किनारे खड़े ईंट लदे ट्रैक्टर से उनकी बाइक अनियंत्रित होकर टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को रेवतीपुर सीएचसी पहुंचाया। वहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने दुर्गेश यादव और गोवर्धन राम को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चंद्रकेश को वाराणसी रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान गुरुवार सुबह उसने भी दम तोड़ दिया।
मृतकों में दुर्गेश और चंद्रकेश सगे भाई थे। दुर्गेश परिवार का भरण-पोषण ऑटो चलाकर करता था। उसकी शादी 2017 में रेवतीपुर की पूजा से हुई थी और उसके दो छोटे बच्चे—युवराज और सार्थक हैं। छोटा भाई चंद्रकेश मलसा इंटर कॉलेज में कक्षा 12 का छात्र था। तीसरा मृतक गोवर्धन राम (30) भी उसी गांव का निवासी था। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया।
थानाध्यक्ष ओमप्रकाश ने बताया कि हादसे में शामिल बाइक और ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।




