Ghazipur: खानपुर में अवैध गैस सिलेंडर पर छापा, 70 सिलेंडर बरामद
दो लोगों के घरों से भारी मात्रा में कमर्शियल सिलेंडर जब्त, जिलाधिकारी के निर्देश पर कार्रवाई, दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर
खानपुर (गाजीपुर)। गाजीपुर के खानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ईशोपुर सिधौना गांव में अवैध गैस सिलेंडर की जमाखोरी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को चलाए गए विशेष अभियान के तहत अधिकारियों की टीम ने छापेमारी कर दो अलग-अलग स्थानों से कुल 70 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए।
■ दो स्थानों पर की गई छापेमारी
सप्लाई इंस्पेक्टर श्याम मोहन के नेतृत्व में पहुंची टीम ने ईशोपुर सिधौना निवासी हबीलाश के मकान पर छापा मारा, जहां 43 खाली और 2 भरे हुए कमर्शियल गैस सिलेंडर अवैध रूप से रखे पाए गए।
वहीं दूसरी कार्रवाई में अरविंद यादव के मकान से 25 भरे हुए कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए, जिन्हें बिना अनुमति के स्टॉक किया गया था।
■ सिलेंडर जब्त, आरोपियों पर कार्रवाई
अधिकारियों ने मौके से सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया है और संबंधित आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि अवैध भंडारण और कालाबाजारी को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
■ कई विभागों की संयुक्त टीम रही मौजूद
इस कार्रवाई में जिला पूर्ति अधिकारी अनंत प्रताप सिंह, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी शरत चंद दुबे, पूर्ति निरीक्षक सैदपुर सहित अन्य अधिकारी और थाना खानपुर की पुलिस टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।




