Ghazipur

Ghazipur: झूठे हत्या के आरोप का पर्दाफाश : जिंदा मिली ‘मृत घोषित’ विवाहिता, एमपी के ग्वालियर से बरामद

मां ने ससुराल वालों पर लगाया था हत्या का आरोप, पुलिस जांच में निकली पूरी कहानी फर्जी

 

आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

 

सैदपुर (गाजीपुर)। जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां जीवित विवाहिता को उसकी ही मां ने मृत घोषित कर उसके ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप लगा दिया। लेकिन सीओ रामकृष्ण तिवारी की तत्परता से की गई जांच में सच्चाई कुछ और ही निकली। पुलिस ने विवाहिता को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से बरामद कर लिया, जहां वह दूसरी शादी कर अपने नए जीवन में व्यस्त मिली।

मां ने लगाया था हत्या का आरोप, दर्ज हुआ दहेज हत्या का मुकदमा

सादात थाना क्षेत्र के बरहपार भोजूराय गांव निवासी राजवंती देवी ने तीन अक्टूबर को पुलिस कप्तान को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बेटी रुचि की हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया था। उन्होंने कहा कि बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित कर मार डाला गया और शव गायब कर दिया गया।

पुलिस कप्तान के आदेश पर सादात थाने में रुचि के पति राजेंद्र कुमार सहित छह ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ।

सीओ रामकृष्ण की विवेचना में खुला रहस्य

जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी (सीओ) रामकृष्ण तिवारी को दी गई। उन्होंने सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर गहराई से पड़ताल की। तभी पुलिस को पता चला कि “मृत घोषित” रुचि जीवित है और मध्य प्रदेश के ग्वालियर में रह रही है।

ग्वालियर से बरामद हुई विवाहिता, कर चुकी थी दूसरी शादी

पुलिस टीम ने जब ग्वालियर पहुंचकर छानबीन की तो रुचि वहां एक युवक गजेन्द्र के साथ मिली, जिससे उसने दूसरी शादी कर ली थी। रुचि ने पुलिस को बताया कि उसकी पहली शादी उसकी मर्जी के खिलाफ कराई गई थी।

‘मनमर्जी के खिलाफ हुई थी शादी, इसलिए भागकर की दूसरी शादी’ — रुचि

रुचि ने बताया कि पढ़ाई के दौरान रेवई गांव निवासी गजेन्द्र से उसकी जान-पहचान हुई और दोनों में प्यार हो गया। परिवार वालों ने उसकी मर्जी के खिलाफ खानपुर थाना क्षेत्र के हथौड़ा गांव निवासी राजेंद्र कुमार से शादी कर दी। शादी के बाद भी वह गजेन्द्र से संपर्क में रही और अंततः घर छोड़कर उसके साथ भाग गई।

‘गांव वालों की बातों में आ गई थी’ — मां का बयान

रुचि की मां राजवंती देवी ने कहा कि गांव के कुछ लोगों ने बताया था कि रुचि को मारकर शव गायब कर दिया गया है। इसी जानकारी के आधार पर उन्होंने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया।

फर्जी मुकदमे पर अब होगी कार्रवाई — सीओ रामकृष्ण तिवारी

सीओ ने बताया कि जांच में पूरा मामला झूठा निकला है। फर्जी ढंग से मुकदमा दर्ज कराने के संबंध में अब आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सच्चाई सामने आने पर गांव में चर्चा का विषय बनी घटना

पूरा मामला अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस की तत्परता और विवेचना की सटीकता की लोग सराहना कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button