Ghazipur: नंदगंज में दर्दनाक सड़क हादसा: बस की टक्कर से युवक की मौत, एक गंभीर घायल
राहुल पटेल, गाज़ीपुर

गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई, जिसमें एक युवक की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा कुसम्ही कला गांव के पास उस समय हुआ जब एक निजी बस ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, बबेड़ी गांव निवासी 20 वर्षीय आशीष कुमार और उसका दोस्त विवेक बाइक से धरवा से लौट रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 8 बजे गाजीपुर से वाराणसी की ओर जा रही सवारी बस ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
अवैध असलहा संग शातिर बदमाश गिरफ्तार, दर्ज है आधा दर्जन से ऊपर मुकदमें
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। मौके पर ही आशीष की मौत हो गई, जबकि विवेक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे वाराणसी रेफर कर दिया।

थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि मृतक के पिता रविंद्र प्रताप की तहरीर पर बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
आशीष अपने परिवार में दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। उसकी असमय मौत से गांव में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





