Ghazipur: बोतल का पानी खरीदने के विवाद में मारपीट, युवक की मौत – एक घायल, वीडियो आया सामने
आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

~ दो पक्षों के बीच मारपीट, युवक की मौत
~ पानी खरीदने के समय हुआ विवाद
सैदपुर (गाजीपुर)। सादात थाना क्षेत्र के मौधीया गांव में रविवार देर रात मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। बोतल का पानी खरीदने को लेकर हुए झगड़े में दो पक्ष आमने-सामने आ गए। इस दौरान हुई मारपीट में सोनू यादव (42) की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अजय गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, सोनू यादव, निवासी फुलवारी कला (सैदपुर), अपने परिवार के साथ धूवार्जुन गांव में रहता था। रविवार शाम को वह अपने साथी दीपक, अभिषेक और अजय के साथ मौधीया बाजार गया था। वहीं पानी खरीदने के दौरान सोनू व उसके साथियों का स्थानीय राजभर समाज के युवकों से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई।
ख़बर यह भी…..
Ghazipur: नोनहरा लाठी चार्ज: पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता परिवार से मिलने गए समाज के लोगों को पुलिस ने रोका
मारपीट में सोनू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। जबकि अजय को भी डंडे से सिर पर चोट लगी और वह वहीं बेहोश होकर गिर गया। दीपक और अभिषेक किसी तरह भागकर जान बचाने में सफल रहे। घायल सोनू को काफी देर बाद सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनू की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्ष उस समय शराब के नशे में थे। सूचना पर सादात और सैदपुर थाने की पुलिस के साथ सीओ रामकृष्ण तिवारी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति और स्पष्ट होगी।
मारपीट के दौरान सोनू का साथी अजय मोबाइल से वीडियो बना रहा था। उसने बताया कि रिकॉर्डिंग करते समय ही किसी ने उसके सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। फिलहाल अजय का इलाज चल रहा है और वीडियो पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हो सकता है।




