Ghazipur: 25 हजार का इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, 5.45 लाख की लूट का आरोपी गिरफ्तार
आकाश पाण्डेय, गाज़ीपुर

गाजीपुर। थाना रामपुर मांझा पुलिस ने रविवार को मिशन शक्ति 5.0 और आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने ₹25,000 के इनामी और ₹5.45 लाख की लूट में वांछित बदमाश सोनू चौधरी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए सीएचसी देवकली गाजीपुर भेजा गया।

मामला रविवार, 19 अक्टूबर 2025 का है। प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार पांडे के नेतृत्व में थाना रामपुर मांझा पुलिस टीम रद्दीपुर मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर खास से सूचना मिली कि लूट में वांछित आरोपी सोनू चौधरी (निवासी ग्राम सरौली, थाना करंडा, जनपद गाजीपुर) जैंवल से पियरी की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल इलाके की घेराबंदी की।


जब पुलिस ने रद्दीपुर गांव के पास सोनू को रोकने की कोशिश की, तो उसने खुद को घिरता देख पुलिस पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सोनू के बाएं पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी सोनू चौधरी (उम्र 22 वर्ष) पर कई गंभीर मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ थाना करंडा और थाना रामपुर मांझा में छेड़खानी, धमकी, पॉक्सो एक्ट, एससी/एसटी एक्ट, लूट, और आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन धाराओं में मुकदमे चल रहे हैं।

पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, एक मोटरसाइकिल और ₹60,000 नकद बरामद किए हैं। बरामद पैसा हाल ही में हुई लूट से जुड़ा बताया जा रहा है।

मुठभेड़ के दौरान थाना रामपुर मांझा प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार पांडे के साथ चौकी प्रभारी पैकवली मोतीलाल और उनकी टीम मौजूद रही। पूरी कार्रवाई एसपी गाजीपुर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस ने घटना के संबंध में संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।




