Jaunpur: जफराबाद स्टेशन पर बड़ा हादसा टला: फरक्का एक्सप्रेस की कपलिंग टूटी, दो घंटे खड़ी रही ट्रेन
राजकुमार बेनवंशी, संवादाता
जौनपुर: जफराबाद रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर उस समय एक बड़ा हादसा टल गया जब फरक्का एक्सप्रेस की कपलिंग टूट गई, जिससे ट्रेन दो हिस्सों में बंट गई । लोको पायलट की सूझबूझ ने तत्काल ट्रेन को रोककर किसी भी अनहोनी को होने से बचा लिया। इस घटना के कारण यात्रियों को लगभग दो घंटे तक परेशानी का सामना करना पड़ा ।
लोको पायलट की सतर्कता से बची जानें
घटना सोमवार दोपहर करीब 2:10 बजे की है, जब वाराणसी से लखनऊ जा रही फरक्का एक्सप्रेस जफराबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या एक से आगे बढ़ी ही थी । कुछ दूर चलते ही इंजन के पीछे वाली बोगी और अगली बोगी के बीच की कपलिंग अचानक टूट गई । स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए लोको पायलट सदानंद ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया ।
दो घंटे बाद बहाल हुआ परिचालन
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार ने रेलवे कंट्रोल रूम को जानकारी दी, जिसके बाद सीनियर टेक्नीशियन प्रांजल यादव अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे । रेलवे कर्मचारियों ने लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टूटी हुई कपलिंग की मरम्मत की । शाम 4:05 बजे ट्रेन को जांच के बाद लखनऊ के लिए रवाना किया गया । स्टेशन अधीक्षक के अनुसार, इस दौरान अन्य ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ और उन्हें वैकल्पिक लाइनों से निकाला गया।




