Jaunpur: झोलाछाप ने किया नाबालिग के साथ दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और पुलिस की कथित लापरवाही की शिकायत
राजकुमार बेनवंशी, जौनपुर

~ झोलाछाप डॉक्टर ने नाबालिक के साथ किया दुष्कर्म
~ नाबालिक पीड़िता ने लगाया झोलाछाप डॉक्टर पर यौन शोषण का आरोप
~ मेडिकल स्टोर के झोलाछाप डॉक्टर पर लगाया दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग का गंभीर आरोप
~ पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार
जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत खलीलपुर गांव निवासी नाबालिग ने पुलिस अधीक्षक जौनपुर को दिए प्रार्थना पत्र में चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं।
पीड़िता ने बताया कि वह कर चौराहे पर स्थित एक मेडिकल स्टोर पर अपनी माता की दवा लेने गई थी। वहां उसे संदीप प्रजापति नामक व्यक्ति मिला, जिसने दवा देने के बहाने उसे बहला-फुसलाकर उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद वह रोजाना फोन पर अश्लील बातें करने लगा।
एक दिन जब पीड़िता दवा लेने मेडिकल स्टोर पर गई, तो उक्त झोलाछाप डॉक्टर ने पहले बातों में फुसलाया और फिर नशीली दवा खिलाकर उसे बेहोश कर दिया। बेहोशी की हालत में आरोपी ने पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए और इसकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली।
इसके बाद संदीप प्रजापति पीड़िता को वीडियो वायरल करने की धमकी देकर लगातार शारीरिक शोषण करता रहा। जब पीड़िता ने मना किया और विरोध जताया, तो आरोपी ने अपने साथी पवन कुमार यादव को बुलाकर दबाव बनाया। मना करने पर दोनों आरोपी मिलकर पीड़िता को मारने-पीटने लगे और कहा कि “संबंध नहीं बनाया तो वीडियो वायरल कर देंगे”।
डर के मारे पीड़िता ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिवार ने सरायख्वाजा थाने में लिखित प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इसके बजाय पुलिस आरोपियों के दबाव में आकर सुलह-समझौता कराने का प्रयास करने लगी।
अब पीड़िता ने जिला पुलिस अधीक्षक जौनपुर से आरोपी संदीप प्रजापति और पवन कुमार यादव के विरुद्ध तत्काल FIR दर्ज करने तथा दोनों को गिरफ्तार करने की मांग की है।
यह मामला नाबालिग लड़की के यौन शोषण, नशीली दवा देकर बेहोश करने, वीडियो बनाकर ब्लैकमेलिंग और पुलिस की कथित लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस अधीक्षक स्तर पर इस प्रार्थना पत्र की जांच और उचित कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।




