Jaunpur: नीम के पेड़ से लटका मिला युवक का शव, गांव में मचा कोहराम
नीम के पेड़ से लटकता मिला 46 वर्षीय युवक का शव, जौनपुर जिले के मडि़याहूं कोतवाली क्षेत्र के बुजुर्गा गांव का है मामला

जौनपुर: जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के बुजुर्गा गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव गांव के बाहर एक नीम के पेड़ से संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता हुआ मिला। मृतक की पहचान ओमप्रकाश गौतम (46) के रूप में हुई है, जो गांव के ही निवासी थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश सुबह किसी कार्य से घर से निकले थे। करीब 6:30 बजे गांव का एक 15 वर्षीय किशोर अपने खेत में पानी भरने गया, जहां उसकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। यह देख वह घबराकर घर की ओर भागा और तुरंत परिजनों को सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और ओमप्रकाश को नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया। महिलाएं और बच्चे बिलख-बिलख कर रोने लगे।
सूचना पाकर मड़ियाहूं पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि मृतक ओमप्रकाश अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियां छोड़ गए हैं। पूरे गांव और क्षेत्र में इस घटना को लेकर शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।




