Lucknow में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध शराब की खेप बरामद, तस्कर गिरफ्तार
ख़बर भारत डेस्क

लखनऊ: उत्तर प्रदेश आबकारी आयुक्त और लखनऊ जिलाधिकारी के निर्देश पर आबकारी विभाग ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ सघन अभियान चलाया। इस क्रम में संयुक्त आबकारी आयुक्त लखनऊ जोन, उप आबकारी आयुक्त लखनऊ प्रभार और जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में 16 सितंबर को गोसाईगंज थाना क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हासिल की गई।
आबकारी निरीक्षक विवेक सिंह, राहुल सिंह, शिखर मल्ल और अभिषेक सिंह की टीम ने किसान पथ पर नाकाबंदी के दौरान एक किआ सोनट वाहन (नंबर PB27L1428) को रोका। वाहन चालक भागने की कोशिश में गोसाईगंज के ग्रामीण क्षेत्र में घुस गया, लेकिन गोसाईगंज पुलिस और सर्विलांस टीम की मदद से कासिमपुर गांव के पास वाहन को पकड़ लिया गया। तलाशी में वाहन से 473 बोतलें गैर-प्रांतीय अवैध शराब बरामद की गईं, जिनमें रॉयल स्टैग, ब्लेंडर्स प्राइड जैसे ब्रांड शामिल थे। बोतलों पर “FOR SALE IN HARYANA ONLY” लिखा हुआ था।
पूछताछ में चालक मोहन ने बताया कि शराब हरियाणा से बिहार तस्करी के लिए ले जाई जा रही थी। मौके से तीन मोबाइल फोन और 2030 रुपये नकद भी बरामद किए गए। वाहन और शराब को जब्त कर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
लखनऊ में अवैध शराब के खिलाफ सतत कार्रवाई
आबकारी विभाग अवैध शराब की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी कर रहा है। हाल ही में कृष्णा नगर और छितवापुर क्षेत्र में दो ठिकानों पर छापेमारी कर नकली ब्रांडेड शराब बेचने वालों को गिरफ्तार किया गया और जेल भेजा गया। इसके अलावा, डालीगंज में एक लाइसेंसी शराब की दुकान में मिलावटी शराब बेचने के आरोप में विक्रेताओं को जेल भेजा गया और दुकान का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू की गई। हजरतगंज के टनाटन रेस्टोरेंट में बिना बार लाइसेंस के शराब परोसने के मामले में भी पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
आबकारी विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोकथाम के लिए ऐसी कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।



