Varanasi

Varanasi: चेतगंज पुलिस में चोरी की स्कूटी के साथ शातिर चोर को किया गिरफ्तार

ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत कार्रवाई, सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय के पास से पकड़ा गया अभियुक्त

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

 

 

वाराणसी कमिश्नरेट में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पुलिस आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में चेतगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के निर्देशन एवं थाना प्रभारी चेतगंज विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी की स्कूटी के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त की पहचान शुभम विश्वकर्मा पुत्र नीबू लाल विश्वकर्मा निवासी नदेसर, थाना कैंट, वाराणसी के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 26 वर्ष बताई गई है। आरोपी को ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय की दीवार के किनारे से गिरफ्तार किया गया, जहां से उसके कब्जे से चोरी की स्कूटी भी बरामद की गई।

चेतगंज थाना पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त शुभम विश्वकर्मा ने स्कूटी चोरी के मामले में सनसनीखेज खुलासा किया है। कड़ाई से पूछताछ में उसने बताया कि उक्त स्कूटी उसी की थी, जिसे उसने मुनाफे के उद्देश्य से 15 दिसंबर 2025 को काशी बाइक बाजार, जगतगंज में 17 हजार रुपये में बेच दिया था और इसके बाद 16 दिसंबर 2025 को दोपहर 12 से 1 बजे के बीच अपने भाई व बहनोई के साथ मिलकर उसी स्कूटी को दोबारा काशी बाइक बाजार से चोरी कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के इस कृत्य को भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) व 317(2) के तहत दंडनीय अपराध मानते हुए उसे 22 जनवरी 2026 को हिरासत में ले लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई में नाटी इमली चौकी प्रभारी संदीप कुमार सिंह, उप निरीक्षक राहुल बरनवाल तथा कांस्टेबल पुनीत कुमार थाना चेतगंज की अहम भूमिका रही। पुलिस ने अभियुक्त को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है और चोरी से जुड़े अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

थाना चेतगंज पुलिस द्वारा अभियुक्त के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इसी तरह अभियान चलाकर क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button