VaranasiCrime

Varanasi: जिम विवाद पहुंचा गोलीबारी तक, रामनगर में बदमाशों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, दहशत में लोग

आरिफ़ अंसारी

 

वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात डंबल उठाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खतरनाक मोड़ लेता हुआ गोलीबारी तक पहुंच गया। देर रात दो बाइकों पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने दो घरों और एक चाय की दुकान के बाहर ताबड़तोड़ छह राउंड फायरिंग की। इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

जानकारी के अनुसार, यह विवाद चार दिन पहले एक फिटनेस क्लब में शुरू हुआ था। जिम में डंबल उठाने को लेकर बॉडी बिल्डरों सौरभ शर्मा और हर्ष उपाध्याय के बीच कहासुनी और मारपीट हो गई थी। घटना की शिकायत रामनगर थाने में दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई और पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान किया था।

सौरभ शर्मा के पिता, जो स्वयं हेड कॉन्स्टेबल हैं, ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से दूसरे पक्ष के युवक विवेक सिंह लगातार उनके बेटे को धमकी दे रहा था। उन्होंने बताया कि विवेक ने फोन पर चेतावनी दी थी कि “थाने में शिकायत करके ठीक नहीं किया।” इसके बाद ही गोलीबारी की यह वारदात हुई।

फायरिंग की सूचना मिलते ही रामनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया। बाद में एडीसीपी काशी सरवणन टी. ने भी मौके का निरीक्षण किया और पुष्टि की कि सौरभ शर्मा के घर के बाहर गोली चलाई गई थी।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पाँच टीमों का गठन किया है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फायरिंग करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button