Varanasi

Varanasi: धर्म छिपाकर युवती से संबंध बनाने वाला युवक पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने किया गिरफ्तार

विरोध करने पर आधीरात को घर मे घुस कर रॉड डंडों से किया था हमला, धर्म परिवर्तन से संबंधित बढ़ाई गई धारा

नीरज सिंह, वाराणसी

 

 

वाराणसी। काशी के कैंट थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर एक युवती से संबंध बनाए और विरोध पर मारपीट, जातिसूचक गालियां तथा जान से मारने की धमकी दी। कैंट थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त शान सिंह उर्फ सऊद (28) को सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता के बयान पर पुलिस ने धर्म परिवर्तन से जुड़ी अतिरिक्त धाराएं भी जोड़ दी हैं।

पीड़िता का आरोप: बिरयानी दुकानदार ने हिंदू नाम से फंसाया

पीड़िता, जो एक ट्रैवल एजेंसी में कार्यरत है और कैंट थाना क्षेत्र के नदेसर इलाके में किराए के मकान में रहती है, ने तहरीर में बताया कि वह अक्सर देर रात घर लौटने के कारण पास की बिरयानी दुकान से खाना मंगवाती थी। दुकानदार शान सिंह से उसकी जान-पहचान हुई, जो धीरे-धीरे करीबी रिश्ते में बदल गई। दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बन गए। बाद में पता चला कि उसका असली नाम सऊद है और वह अपना धर्म छिपाकर हिंदू नाम ‘शान सिंह’ इस्तेमाल कर कई महिलाओं से संबंध बनाता था।

 

जब पीड़िता ने सच्चाई जानकर दूरी बनाई, तो अभियुक्त बौखला गया। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता के घर पहुंचकर उसे और उसके दोस्त कुणाल श्रीवास्तव के साथ मारपीट की। जातिसूचक गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। इस हमले में दोनों को चोटें आईं।

पुलिस ने दर्ज की FIR, गिरफ्तारी में 24 घंटे से कम समय लगा

पीड़िता की तहरीर पर कैंट थाने में मुकदमा संख्या 113/2026 दर्ज किया गया। शुरुआत में धारा 191(2), 115(2), 352, 351(3), 69 बीएनएस तथा SC/ST एक्ट की धारा 3(1)द, 3(1)ध, 3(2)va, 3(2)v लगाई गईं। पीड़िता के बयान के आधार पर धर्म परिवर्तन से संबंधित धाराएं भी बढ़ा दी गईं।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चल रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत डीसीपी वरुणा जोन, एडीसीपी वरुणा जोन और एसीपी कैंट के पर्यवेक्षण में कैंट थाना पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी में नदेसर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित कुमार पांडेय, उपनिरीक्षक उमाशंकर, उपनिरीक्षक सत्यम चौरसिया और उपनिरीक्षक आशुतोष तिवारी की टीम शामिल रही।

अभियुक्त का पुराना आपराधिक इतिहास

पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त शान सिंह उर्फ सऊद मूल रूप से रामपुर जिले के सुवार तहसील अंतर्गत दोगपुरी टांडा का निवासी है, लेकिन वर्तमान में उल्फत बीबी का हाता, अर्दली बाजार (कैंट क्षेत्र) में रहता था। उसके खिलाफ जनपद रामपुर के अजीमनगर थाने में वर्ष 2021 में धारा 376 (दुष्कर्म) और 506 (आपराधिक धमकी) के तहत मुकदमा दर्ज है।

आगे की कार्रवाई जारी

पुलिस थाना प्रभारी ने बताया कि अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की जांच एवं विधिक कार्रवाई जारी है। यह मामला वाराणसी में धार्मिक पहचान छिपाकर संबंध बनाने के बढ़ते मामलों में एक और उदाहरण है, जिस पर पुलिस ने सख्ती दिखाई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button