Ghazipur

गाजीपुर: पोस्टाघाट पर दाह संस्कार के दौरान तीन नाबालिग गंगा में डूबे, गोताखोरों की तलाश जारी, मची अफरा-तफरी

राहुल पटेल, गाज़ीपुर

गाजीपुर (संवाददाता), 9 नवंबर 2025: गाजीपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के गंगा नदी स्थित पोस्टाघाट पर सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना घटी। कासिमाबाद कोतवाली थाना क्षेत्र के बहादुरगंज निवासी स्वर्गीय महेंद्र जायसवाल के दाह संस्कार में शामिल होने आए तीन नाबालिग लड़के नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूब गए। डूबने वालों की पहचान कुंदन (16 वर्ष), आदित्य जायसवाल (17 वर्ष) और हिमांशु मद्धेशिया (16 वर्ष) के रूप में हुई है। यह हादसा दोपहर के समय हुआ, जब दाह संस्कार की रस्में चल रही थीं और परिजन व रिश्तेदार घाट पर मौजूद थे।

सूचना मिलते ही शहर कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। शहर कोतवाल महेंद्र सिंह ने बताया कि नदी की तेज धारा और गहराई के कारण तलाश में दिक्कत आ रही है, लेकिन पूरी कोशिश की जा रही है। घटना से घाट पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, जबकि दाह संस्कार में आए परिजन सदमे में हैं और रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। अभी तक शव बरामद नहीं हो सके हैं, जिससे परिवारों का दर्द और बढ़ गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button