छावनी स्थित एक होटल में युवक ने युवती पर चलाई गोली, घायल युवती का निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
वाराणसी के होटल वेस्टइन में 25 वर्षीय युवती की पीठ में गोली लग गई। उसका प्रेमी उसे एक निजी अस्पताल ले गया। युवक पर आरोप है कि विवाद के बाद उसने गोली चलाई। पुलिस ने युवक शुभम राय को हत्या के प्रयास के गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है

नीरज सिंह, वाराणसी
वाराणसी के कैंट थाना क्षेत्र के छावनी इलाके में एक होटल में संदिग्धावस्था में चली गोली, जिससे कमरे में मौजूद युवती को लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। गोली युवती की पीठ और चेहरे के पास लगी, जिसके बाद प्रेमी ने उसे मलदहिया स्थित सिंह मेडिकल एंड रिसर्च सेंटर में भर्ती कराया। अस्पताल प्रशासन ने घटना की सूचना सिगरा थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्रा को दी, जिन्होंने कैंट थाना को सूचित किया।
मंडुआडीह निवासी युवती का गाजीपुर कनेक्शन, मिंट हाउस का आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंडुआडीह निवासी युवती (मूल रूप से गाजीपुर की रहने वाली) ने अपने प्रेमी शुभम राय ‘गोलू’ को, जो मिंट हाउस क्षेत्र का रहने वाला है, होटल में बुलाया था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखा विवाद हुआ, जिसमें आगबबूला शुभम ने कथित तौर पर गोली चला दी। युवती की हालत स्थिर है, लेकिन चोटें गंभीर होने से डॉक्टरों ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है। कैंट थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी शुभम राय को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ जारी है।
होटल में अवैध गतिविधियों का आरोप, पुलिस ने शुरू की जांच
विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, उक्त होटल में अवैध गतिविधियों का संचालन होता रहा है, जिसमें आरोपी शुभम राय की भी कथित संलिप्तता बताई जा रही है। कैंट पुलिस की टीम और आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना कर चुके हैं। सीसीटीवी फुटेज, हथियार बरामदगी और गवाहों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। प्रेमी जोड़े के बीच पुराना विवाद होने की भी जानकारी मिल रही है। पुलिस ने अज्ञात साथियों पर भी नजर रखी है।
पुलिस का सख्त रुख, आगे की कार्रवाई जल्द
कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि गोली चलाने वाला प्रेमी हिरासत में है और सख्त पूछताछ हो रही है। युवती के बयान के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
मानक के विपरीत होटल का संचालन, होती है अवैध गतिविधि
वही विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार उक्त होटल में अवैध गतिविधियों का भी संचालन होता है, जिसमें प्रेमी युवक की भी भूमिका रहती है। होटल प्रबंधन से भी पूछताछ की जा रही है ताकि अवैध गतिविधियों पर पर्दा उठ सके। यह घटना शहर में प्रेम प्रसंग से जुड़े अपराधों पर सवाल खड़े कर रही है।




