Jaunpur

जौनपुर में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक टक्कर में 4 की मौत, कई घायल

अयोध्या-दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी डबल डेकर बस ट्रक से टकराई, चीख-पुकार से गूंज उठा इलाका

रिपोर्ट: राजकुमार बेनवंशी।

 

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के सीहीपुर क्रॉसिंग के पास सोमवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। डबल डेकर टूरिस्ट बस और ट्रक की जोरदार भिड़ंत में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।

जानकारी के अनुसार टूरिस्ट बस छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से श्रद्धालुओं को लेकर अयोध्या दर्शन के लिए आई थी। दर्शन के बाद बस वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर जाने के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में सीहीपुर क्रॉसिंग पर बस ने आगे चल रहे ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे के वक्त बस में करीब 50 यात्री सवार थे।

मृतकों में आशा भवल, गुलाब, चालक दीपक और एक अज्ञात यात्री शामिल हैं। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ, अपर पुलिस अधीक्षक नगर और सिटी मजिस्ट्रेट जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। साथ ही घायलों और उनके परिजनों को हर संभव मदद और त्वरित उपचार का भरोसा दिलाया।

यह हादसा जहां परिजनों के लिए गहरे दुख का कारण बना, वहीं स्थानीय लोगों में भी मातम का माहौल है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और घायलों को हर संभव मदद दी जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button