जौनपुर में मुठभेड़ दो बदमाश को लगी गोली: 5 गिरफ्तार, तमंचा, कारतूस, ढाई लाख नकद और चार पहिया वाहन बरामद
गौराबादशाहपुर और केराकत एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता, किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे बदमाश

जौनपुर। जनपद के गौराबादशाहपुर और केराकत एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम को गुरुवार को बड़ी सफलता हाथ लगी। मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांच बदमाशों को पकड़ा, जिनमें से दो को गोली लगी है। मौके से तमंचा, कारतूस, ढाई लाख रुपए नकद और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया है।
सीओ केराकत अजीत कुमार रजक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ शातिर बदमाश गौराबादशाहपुर बाईपास पर चौकीधरसंड गांव के पास एक चार पहिया वाहन में मौजूद हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
सूचना मिलते ही गौराबादशाहपुर थाना पुलिस और केराकत एसओजी की टीम ने संयुक्त रूप से तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए ललकारा, लेकिन बदमाशों ने जवाब में पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। अन्य तीन बदमाशों को पुलिस ने चारों तरफ से घेरकर मौके पर ही दबोच लिया।
घायल बदमाशों की पहचान
- महेंद्र मौर्य, निवासी चांदा, सुल्तानपुर
- चंदन सेठ, निवासी जौनपुर
गिरफ्तार अन्य बदमाश
- राज सोनी
- ऋषि साहू
- सूरज
(तीनों जौनपुर कोतवाली क्षेत्र के निवासी हैं)
पूछताछ के दौरान बदमाशों ने बताया कि वे किसी बड़ी लूट या आपराधिक वारदात की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने इनके पास से तमंचा, जिंदा कारतूस, लगभग ढाई लाख रुपए नकद और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है, जिसका इस्तेमाल यह गैंग वारदातों में करता था।
सीओ केराकत अजीत कुमार रजक ने बताया कि “पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। आगे की पूछताछ और जांच के आधार पर इनके नेटवर्क और संभावित अपराधों का खुलासा किया जाएगा”।
पुलिस की इस तत्परता और साहसिक कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते विफल कर दिया गया, जिससे क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने में मदद मिली है।




