बरसात में जलभराव से परेशान ग्रामीणों ने किया सड़क जाम — बोले “अब नहीं सहेंगे ये हालात”
बलुआ रोड पर महिलाओं ने की नारेबाज़ी, बारिश के पानी की निकासी और बुनियादी सुविधाओं की मांग; प्रशासन ने जनरेटर से कराई जल निकासी शुरू

रिपोर्ट: विशाल कुमार।
वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बलुआ रोड स्थित चुकहां गांव में सोमवार सुबह ग्रामीणों ने बरसात के पानी से जलभराव की समस्या को लेकर सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिलाएं सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करती रहीं और प्रशासन के खिलाफ नारेबाज़ी की।
सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस, जाल्हुपुर चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक और पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने में जुट गई।
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में गांव में पानी भरने से आवागमन बाधित हो जाता है। खेतों में फसलें डूब जाती हैं, घरों में कीचड़ और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। बावजूद इसके, वर्षों से कोई ठोस समाधान नहीं हुआ।
महिला प्रदर्शनकारी सुमन देवी ने कहा —
“हम कई बार अपनी समस्या प्रधान झन्नालाल राजभर, जिला पंचायत सदस्य कैलाश नाथ सोनकर और यहां तक कि जिलाधिकारी को भी बता चुके हैं, लेकिन किसी ने सुनवाई नहीं की।”
ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने सम्पूर्ण समाधान दिवस में भी इस समस्या को उठाया था, लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं हुई। धरने के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जल निकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई तो वे फिर से बड़ा आंदोलन करेंगे।
आख़िरकार, पुलिस-प्रशासन द्वारा जनरेटर से पानी की तत्काल निकासी शुरू करने और समस्या के स्थायी समाधान का आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर सड़क खोल दी।
धरने में मुख्य रूप से मुन्नी देवी, मालती देवी, प्यारी देवी, ऊषा देवी, फूला देवी, बेला देवी, निर्मला, रुकमीना, श्याम दुलारी, लालमनी, सुनीता, सुशीला, सरिता, मनोरमा, और विशाल सोनकर, लालचन सोनकर, नन्दलाल, सुरेश सोनकर, सुभाष समेत दर्जनों ग्रामीण शामिल रहे।




