VaranasiNews

शिवपुर थाना क्षेत्र में चोरों का तांडव, एक रात में चार जगहों पर धावा, मंदिर दानपात्र से लेकर लाखों का माल स्वाहा

धनतेरस के बाद फिर हावी हुए शातिर चोर; आभूषण-पेंट दुकानों में 2 किलो चांदी व सोना लूटा, व्यापारियों ने थाने में दी तहरीर

ख़बर भारत डेस्क

 

वाराणसी। शिवपुर इलाके के कबीर मठ (नेपालीबाग के निकट) में चोरों ने रातोरात चार अलग-अलग स्थानों पर सेंध लगाकर खौफ पैदा कर दिया। धनतेरस के महज कुछ दिन बाद फिर हरकत में आए इन गुंडों ने पेंट की दुकान, चश्मे की दुकान, कपड़ा व ज्वेलरी स्टोर तथा शनि मंदिर के दानपात्र को अपना शिकार बनाया। दीवारों में सुराख कर चोरों ने नकदी, पेंट का सामान, करीब 2 किलो चांदी, सोने की नथ व अंगूठियां तथा मंदिर से हजारों रुपए उड़ा लिए। इन वारदातों ने पूरे क्षेत्र में दहशत की लहर दौड़ा दी है।

नीरज पेंट्स एंड हार्डवेयर में चोरों ने दुकान की पिछली दीवार तोड़कर 15-16 हजार रुपए कैश और हजारों का पेंट सामान पार कर दिया। दुकानदार धीरेंद्र कुमार गिरी ने शिवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई।

उसी मोहल्ले में दिव्या चश्मा घर पर चोरों ने दीवार में छेद करने की कोशिश की, मगर चोरी में नाकाम रहे। मालिक दीपक दीक्षित ने भी पुलिस को लिखित सूचना सौंपी।

सबसे बड़ा नुकसान संतोष कपड़ा घर एवं स्वर्ण अलंकार को हुआ, जहां से चोर 2 किलो चांदी, सोने की नथ, छह अंगूठियां और लाखों का अन्य सामान लेकर फरार हो गए। दुकान मालिक संतोष सेठ ने तुरंत पुलिस को खबर की।

चौथी सेंध परमानंदपुर के दुधहिया पोखरी वाले शनि देव मंदिर में लगी, जहां चोरों ने दानपात्र फोड़कर उसमें जमा हजारों रुपए चुरा लिए।

गौरतलब है कि धनतेरस की रात ही कबीर मठ में पांच दुकानों में चोरी हुई थी। तब भी व्यापारियों ने तहरीर दी थी, लेकिन चोर बेखौफ होकर फिर मैदान में उतर आए। लगातार छिनैती व चोरी की घटनाओं से इलाके के दुकानदार व निवासी सहमे हुए हैं।

खबर मिलते ही एसीपी कैंट, शिवपुर थानाध्यक्ष, क्राइम ब्रांच, एसओजी-2 व डॉग स्क्वॉड की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। प्रारंभिक जांच के बाद टीमें वापस लौट गईं। पुलिस मामले की गंभीरता से पड़ताल कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button