Ghazipur

रोडवेज बस से पास लेने के चक्कर में भीषण सड़क हादसा, युवक की हालत गंभीर

तेज रफ्तार बाइक की टक्कर के बाद टेम्पो ने युवक को रौंदा, समाजसेवी ने निभाई इंसानियत

रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय।

गाजीपुर। सैदपुर नगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में कंप्यूटर क्लास जा रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गाजीपुर-वाराणसी मेन रोड पर व्यवहार न्यायालय के पास रोडवेज बस को पास देने के प्रयास में टेम्पो और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक टेम्पो के नीचे आ गया, जिसके बाद टेम्पो चालक मौके से फरार हो गया।

घायल युवक की पहचान औड़ीहार गांव के राजभर बस्ती निवासी 23 वर्षीय आशीष कुमार राजभर के रूप में हुई है। वह नगर के सादात रोड स्थित डॉल्फिन कंप्यूटर क्लासेज में प्रशिक्षण लेने जा रहा था।

कैसे हुआ ये हादसा:

सुबह लगभग 7 बजे आशीष अपनी तेज रफ्तार बाइक से गाजीपुर की ओर जा रही रोडवेज बस को ओवरटेक कर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा था। उसी दौरान सामने से आ रही एक टेम्पो से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। आशीष गिर पड़ा और उसी वक्त टेम्पो उसके सिर को रौंदता हुआ भाग निकला। बाइक घसीटते हुए रोडवेज बस के नीचे चली गई।

15 मिनट तक तड़पता रहा युवक, किसी ने नहीं दिखाई संवेदना:

हादसे के बाद आशीष खून से लथपथ सड़क पर पड़ा रहा। राहगीरों की भीड़ तो जुटी लेकिन कोई उसे अस्पताल पहुंचाने के लिए आगे नहीं आया। करीब 15 मिनट बाद मौके पर पहुंचे समाजसेवी रमेश ‘डब्लू’ यादव ने मानवीय संवेदनाएं दिखाते हुए तुरंत निजी एम्बुलेंस बुलवाई और घायल को सैदपुर सीएचसी पहुंचाया।

गंभीर हालत में किया गया ट्रामा सेंटर रेफर:

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। घटना की जानकारी रमेश यादव ने कंप्यूटर क्लास और आशीष के परिजनों को दी, साथ ही स्थानीय पुलिस को भी सूचित किया गया।

फरार टेम्पो चालक की तलाश जारी है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button