
नीरज सिंह, वाराणसी
वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मकबूल आलम रोड पर स्थित आज़ाद नगर पास कॉलोनी में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ करते हुए मौके से संचालिका सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि संचालिका का पति मौके से फरार हो गया।
दिनांक 15 जनवरी 2026 को पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन एवं अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के आदेश पर “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत एसीपी कैंट के नेतृत्व में थाना कैंट प्रभारी निरीक्षक की टीम ने यह कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान कॉलोनी में अवैध रूप से चल रहे देह व्यापार का खुलासा हुआ, जहां से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। मौके से बड़ी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस द्वारा फील्ड यूनिट की सहायता से वैज्ञानिक साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं, ताकि मामले को मजबूत तरीके से न्यायालय में प्रस्तुत किया जा सके। वहीं, फरार अभियुक्त सैयद समीर की तलाश तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सैयद समीर के खिलाफ थाना कैंट, थाना सिगरा और थाना भेलूपुर में लूट एवं मारपीट से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की भी गहनता से जांच की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरार अभियुक्त समीर के इस काले कारोबार को एक कथित अधिवक्ता के संरक्षण में फल-फूल रहा है। बताया जा रहा है कि जिस समय पुलिस द्वारा छापेमारी की गई, उस दौरान समीर का सहयोगी अधिवक्ता मौके पर बाहर मौजूद था और स्थिति भांपते हुए पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और इस अवैध धंधे में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संलिप्त सभी लोगों की भूमिका खंगाली जा रही है।
मौके पर पहुंचे सहायक पुलिस आयुक्त कैन्ट नितिन तनेजा का कहना है कि इस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई प्रचलित है और फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं। शहर में किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




