Varanasi: कैंट पुलिस की तत्परता से डाउन सिंड्रोम से पीड़ित 15 वर्षीय गुमशुदा बालक 50 घंटे में सकुशल परिजनों से मिलाया

डेस्क ख़बर भारत
वाराणसी में थाना कैंट पुलिस ने सराहनीय कार्य करते हुए डाउन सिंड्रोम से पीड़ित एवं बोलने में असमर्थ 15 वर्षीय गुमशुदा बालक को मात्र 50 घंटे के भीतर सकुशल तलाश कर उसके परिजनों को सौंप दिया। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा गुमशुदा व अपहृत बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण एवं सहायक पुलिस आयुक्त कैंट के नेतृत्व में थाना कैंट पुलिस टीम ने त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई करते हुए इस सफलता को हासिल किया।
उल्लेखनीय है कि 24 जनवरी 2026 को कैंटोमेंट क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने थाना कैंट में प्रार्थना पत्र देकर बताया था कि उनका 15 वर्षीय बेटा, जो मूक-बधिर है और डाउन सिंड्रोम बीमारी से पीड़ित है, घर से कहीं गुम हो गया है। इस संबंध में थाना कैंट पर मुकदमा संख्या 0030/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस टीम ने बच्चे की तलाश के लिए तत्काल अभियान शुरू किया। विभिन्न संचार माध्यमों से बच्चे का विवरण प्रसारित किया गया और सीसीटीवी फुटेज का गहन अवलोकन किया गया।
लगातार प्रयासों के बाद 26 जनवरी 2026 को गुमशुदा बालक को मिर्जापुर जनपद के कछआ बाजार क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके पश्चात बालक को उसके परिजनों को सुपुर्द किया गया। अपने बेटे को सुरक्षित पाकर परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े। वहीं क्षेत्रवासियों और परिजनों ने थाना कैंट पुलिस टीम के अथक प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
इस सराहनीय कार्य को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्रा, उप निरीक्षक दीक्षा पाण्डेय, उप निरीक्षक शांतनु मिश्रा एवं उप निरीक्षक अभिषेक सिंह शामिल रहे। पुलिस की इस मानवीय और संवेदनशील पहल की चारों ओर सराहना हो रही है।




