VaranasiCrime

Varanasi:  चितईपुर में ऑटो चालक की गला रेतकर हत्या, पैसों के विवाद में वारदात से हड़कंप

ब्लेड से हमला कर भागा आरोपी, पुलिस पर वार की कोशिश के बाद लोगों ने कंबल डालकर दबोचा

नीरज सिंह, वाराणसी

 

वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज हत्या की घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। पैसों के मामूली विवाद ने देखते ही देखते खौफनाक रूप ले लिया और एक ऑटो चालक की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

घटना सुंदरपुर स्थित मधुबन लॉन के पास लाइफ लाइन हॉस्पिटल के सामने की है, जहां करीब 30 वर्षीय एक अज्ञात ऑटो चालक की पेपर कटिंग में इस्तेमाल होने वाले ब्लेड से गला रेतकर हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो में सवारी के पैसों को लेकर चालक और आरोपी के बीच कहासुनी हो रही थी। विवाद बढ़ने पर आरोपी पीछे की सीट पर जा बैठा और मौका पाकर पीछे से अचानक चालक की गर्दन पर ब्लेड से ताबड़तोड़ वार कर दिया।

हमले में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान हालत में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद दुकानदारों और स्थानीय लोगों की सतर्कता से उसे पकड़ लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को देखते ही आरोपी ने चाकू से हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद लोगों ने कंबल डालकर उसे काबू में किया। आरोपी की पहचान विष्णु के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है और शिनाख्त की कोशिशें की जा रही हैं। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चितईपुर पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और हत्या के पीछे के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button