वाराणसी: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को एक अनोखे अंदाज़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सियासी हलकों में हलचल मचा दी। उन्होंने पत्रकारों के सामने सिटी (सीटी) बजाकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने की कोशिश की। अजय राय ने कहा कि जब सरकार जनता की आवाज़ नहीं सुनती, तब उसे जगाने के लिए यह “सिटी बजाना” जरूरी हो जाता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अजय राय ने महंगाई, बेरोज़गारी, बिगड़ती कानून-व्यवस्था और आम जनता की समस्याओं को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार पूरी तरह कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है और न युवाओं की चिंता है, न किसानों की, न ही महिलाओं की सुरक्षा की। सिटी बजाकर उन्होंने यह प्रतीकात्मक संदेश दिया कि अब जनता चुप नहीं बैठेगी और सरकार को जगाना पड़ेगा।
अजय राय ने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध, भ्रष्टाचार और बेरोज़गारी चरम पर है, लेकिन सत्ता में बैठे लोग प्रचार में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज़ को सड़क से सदन तक उठाती रहेगी और जब तक सरकार नहीं जागेगी, तब तक ऐसे प्रतीकात्मक विरोध जारी रहेंगे।
उनकी इस अनोखी प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है और सोशल मीडिया पर भी इसे लेकर प्रतिक्रियाओं का दौर जारी है।



