बलिया में मुंडन संस्कार बना मातम: गंगा में डूबे चार लोग, दो किशोरियों समेत युवकों की तलाश जारी
शिवरामपुर संगम घाट पर स्नान के दौरान हादसा, बचाने कूदे युवक भी डूबे; SDRF टीम तलाश में जुटी

आकाश पाण्डेय
बलिया में रविवार सुबह मुंडन संस्कार के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शिवरामपुर संगम घाट (ब्यासी) पर गंगा स्नान करते समय दो किशोरियों समेत चार लोग डूब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार, फेफना थाना क्षेत्र के कल्याणीपुर निवासी वशिष्ठ चौहान के परिवार के लोग मुंडन संस्कार के लिए शहर कोतवाली क्षेत्र के शिवरामपुर घाट पहुंचे थे। धार्मिक कार्यक्रम के बीच सब कुछ सामान्य चल रहा था, तभी स्नान के दौरान अचानक चार लड़कियां गहरे पानी में जाने लगीं और डूबने लगीं।
लड़कियों को डूबता देख मौके पर मौजूद लोग उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद पड़े। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और बचाव के प्रयास में दो युवक भी गंगा की तेज धारा में बह गए। हालांकि डूब रही चार किशोरियों में से दो को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
फिलहाल हर्षिता चौहान (17), नंदिता चौहान (12), अरुण चौहान (20) और अर्जुन चौहान (19) गंगा में लापता हैं। परिजन और स्थानीय लोग लगातार उनकी तलाश में जुटे हैं, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिल सकी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। बाद में एसडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है, जो गंगा में लापता लोगों की तलाश में अभियान चला रही है।
हादसे के बाद घाट पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में इस घटना से शोक और तनाव का माहौल बना हुआ है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी में स्नान करते समय सावधानी बरतें और गहरे पानी में जाने से बचें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।




