
सैदपुर (गाजीपुर)। नगर के मेन रोड स्थित द्वारिका पैलेस में गुरुवार शाम उत्तर प्रदेश राज्यकर (जीएसटी) विभाग की ओर से व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा जीएसटी 2.0 सुधारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में जीएसटी अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और जिज्ञासाओं को सुना तथा विभिन्न कर संबंधी विषयों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिप्टी कमिश्नर व्यापार कर विवेक कुमार मिश्रा ने कहा कि देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में व्यापारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने व्यापारियों से डिजिटल व्यवस्था को अपनाने और निर्भीक होकर व्यापार करने की अपील की। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी व्यापारी अपने मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी को जीएसटी पोर्टल पर अपडेट रखें, जिससे विभागीय सूचनाएं समय पर मिल सकें और अधिकांश तकनीकी समस्याओं का समाधान आसानी से हो सके।
खंड-3 के असिस्टेंट कमिश्नर प्रभात कुमार सिंह ने बताया कि जीएसटी पंजीकरण प्रक्रिया को और सरल बनाया गया है। अब आवश्यक दस्तावेज सही पाए जाने पर तीन कार्य दिवस के भीतर नया जीएसटी पंजीकरण स्वीकृत किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों को जीएसटीआर-1 और जीएसटीआर-3बी रिटर्न में होने वाली विसंगतियों को समय रहते दूर करने की सलाह भी दी।
अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान जीएसटी 2.0 सुधार, ई-इनवॉइसिंग, पंजीकरण प्रक्रिया, रिटर्न फाइलिंग, समाधान योजना तथा व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना समेत विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। व्यापारियों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका समाधान और मार्गदर्शन मौके पर ही दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन वेद इंटरनेशनल स्कूल के एमडी पंकज श्रीवास्तव की अगुवाई में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रहलाद दास जायसवाल ने की तथा संचालन भी पंकज श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर असिस्टेंट कमिश्नर राजेश आजाद, डॉ० सतीश कुमार सिंह, किरण पुष्कर (एसटीओ) सहित अनेक अधिकारी, चार्टर्ड अकाउंटेंट और स्थानीय व्यापारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से दीपक जायसवाल, मनीष जायसवाल, ज्ञानेश पांडेय, दयानंद जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।




