Chandauli

चंदौली: डीडीयू स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया में घुटनों तक बहा ‘नरक का पानी’, बुलडोजर एक्शन के चक्कर में नालियां चोक, प्रशासन मौन

नगर पालिका की भारी लापरवाही का शिकार हुए देश-विदेश के रेल यात्री; अतिक्रमण हटाने के मलबे से जाम हुईं डीडीयू नगर की नालियां, जंक्शन पर न शौचालय बचा न स्नानघर।

रिपोर्ट: धर्मेंद्र कुमार

 

चंदौली (डीडीयू नगर)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) जंक्शन पर इन दिनों रेल यात्रियों को स्वागत के नाम पर बदबूदार गंदे पानी और प्रशासनिक अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है। अतिक्रमण हटाने के नाम पर वाहवाही लूटने वाले नगर पालिका प्रशासन की एक बड़ी लापरवाही के कारण जंक्शन का पूरा सर्कुलेटिंग एरिया टापू में तब्दील हो चुका है। स्टेशन के वीआईपी गेट से लेकर मुख्य रास्तों पर नालियों का गंदा पानी उफान मार रहा है, जिससे स्टेशन की छवि धूमिल हो रही है।

अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, लेकिन मलबे ने घोंटा ड्रेनेज सिस्टम का दम

पिछले कई दिनों से डीडीयू नगर में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़े स्तर पर बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है। आरोप है कि इस कार्रवाई के बाद नालियों में गिरे मलबे और सिल्ट को नगर पालिका के कर्मचारियों ने साफ नहीं किया। नतीजा यह हुआ कि डीडीयू नगर की मुख्य नालियां पूरी तरह चोक हो गईं। अब शहर का गंदा पानी आगे बढ़ने के बजाय बैक मारकर जंक्शन परिसर की सड़कों पर फैल रहा है। आलम यह है कि वीआईपी गेट पर भी घुटनों तक बदबूदार पानी जमा है, जिससे होकर यात्रियों को गुजरना पड़ रहा है।

अपनी गलती छिपाने के लिए यात्रियों की सुविधा पर चलाया बुलडोजर!

स्थानीय लोगों और यात्रियों के अनुसार, नगर पालिका ने अपनी ड्रेनेज सफाई की नाकामी को छुपाने के लिए सारा ठीकरा जंक्शन परिसर के शौचालयों पर फोड़ दिया। यह बहाना बनाकर कि शौचालय का पानी सड़क पर आ रहा है, सर्कुलेटिंग एरिया में बने एक चालू शौचालय को बुलडोजर से जमींदोज कर दिया गया। इसके तुरंत बाद रेल प्रशासन ने भी आनन-फानन में मुख्य ‘डीलक्स शौचालय’ को पूरी तरह बंद करने का आदेश जारी कर ताला जड़ दिया।

लेकिन सच तब सामने आ गया जब दोनों शौचालयों के बंद होने के बाद भी सड़कों पर गंदे पानी का सैलाब कम नहीं हुआ। इससे साफ हो गया कि असली समस्या शौचालय नहीं, बल्कि नगर पालिका की चोक पड़ी नालियां हैं, जिन्हें साफ करने में प्रशासन नाकाम रहा है।

भीषण गर्मी में यात्रियों की मूल सुविधाएं छीनीं, अब कौन जिम्मेदार?

इस अदूरदर्शितापूर्ण फैसले का सीधा खामियाजा इस भीषण गर्मी में आम रेल यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। डीडीयू जंक्शन के पूरे सर्कुलेटिंग एरिया में अब यात्रियों के लिए न तो कोई क्रियाशील शौचालय बचा है और न ही कोई स्नानघर। दूर-दराज से आने वाले मुसाफिर, महिलाएं और बच्चे बुनियादी सुविधाओं के लिए भटक रहे हैं। यात्रियों का साफ कहना है कि अगर नगर पालिका केवल नालियों की समय पर सफाई कर देती, तो आज यह दुर्दशा न देखनी पड़ती। यात्रियों ने जिला प्रशासन और डीआरएम से इस मामले में तत्काल दखल देकर नालियों को साफ कराने और शौचालय की व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button