Ghazipur: मुहम्मदाबाद के वार्ड-2 में एसडीएम का निरीक्षण, गंदगी देख जताई कड़ी नाराजगी
राहुल पटेल, गाज़ीपुर

गाजीपुर। मुहम्मदाबाद की उपजिलाधिकारी (एसडीएम) डॉ. हर्षिता तिवारी ने शुक्रवार को नगर के वार्ड संख्या 2, फतेहाबाद का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से संवाद कर क्षेत्र में साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था तथा मच्छरजनित रोगों की रोकथाम हेतु दवा छिड़काव जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान वार्ड की गलियों में फैली गंदगी और असंतोषजनक सफाई व्यवस्था देखकर एसडीएम ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने नगर पालिका के संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई अभियान शुरू करने के सख्त निर्देश दिए।
बिजली के लटकते तारों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने उपखंड अधिकारी (एसडीओ) विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि सुरक्षा की दृष्टि से इन तारों को तुरंत ठीक कराया जाए। निर्देश मिलते ही विद्युत विभाग हरकत में आया और मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया गया।
इसके अतिरिक्त, क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की लापरवाही को लेकर संबंधित सफाई कर्मचारी और मेठ को “कारण बताओ नोटिस” जारी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका की ओर से सभासद श्रीमती सितारा देवी, एसडीओ अमित राय, लेखपाल मृत्युंजय राय सहित नगर पालिका के अन्य कर्मचारी और अधिकारी उपस्थित रहे।
एसडीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि नगर की सफाई व्यवस्था, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।




