News

META के अलर्ट पर मात्र 17 मिनट में Varanasi Commissionerate Police के चोलापुर थाना ने बचाई एक युवक की जान

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी

~ मेटा अलर्ट पर मात्र 17 मिनट में बचाई गई जान

~ प्रेम प्रसंग में फंसा 19 वर्षीय मजदूर युवक

~ कीटनाशक पीने की कोशिश

~ वाराणसी पुलिस की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई

 

 

 

वाराणसी। 29 मार्च 2026 को कमिश्नरेट वाराणसी के थाना चोलापुर क्षेत्र में एक 19 वर्षीय युवक ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या का वीडियो पोस्ट कर दिया। युवक ने लिखा था- “आज आखिरी रात है मेरी, कोई कॉल नहीं करना क्योंकि मैं ज़हर खा लिया।” मेटा कंपनी के तत्काल अलर्ट पर वाराणसी पुलिस ने मात्र 17 मिनट के अंदर युवक के घर पहुंचकर उसकी जान बचा ली।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बची जान

पुलिस आयुक्त वाराणसी मोहित अग्रवाल के निर्देश पर सोशल मीडिया सेल ने मेटा कंपनी से प्राप्त अलर्ट पर तुरंत कार्रवाई शुरू की। अलर्ट में दिए गए मोबाइल नंबर के आधार पर युवक की लोकेशन ट्रेस की गई और थाना चोलापुर की टीम को सूचना दी गई।

उपनिरीक्षक अवनीश मिश्रा और आरक्षी विकास शर्मा सहित पुलिस टीम रात 1:45 बजे प्राप्त अलर्ट के मात्र 17 मिनट बाद युवक के घर पहुंच गई। वहां पहुंचकर पुलिसकर्मियों ने देखा कि युवक एक ग्लास में कीटनाशक घोलकर पी रहा था। उसके पास खाली कीटनाशक पैकेट का रैपर भी पड़ा था।

पुलिस कर्मियों ने तुरंत युवक से ग्लास छीन लिया और घरेलू प्राथमिक उपचार दिया। युवक जोर-जोर से रोने लगा। परिजनों के सहयोग से उसकी हालत सामान्य की गई।

युवक ने बताया प्रेम प्रसंग का दर्द

पूछताछ में युवक ने बताया कि वह मजदूरी का काम करता है। वह एक लड़की से प्रेम करता था, लेकिन लड़की उससे बात नहीं करना चाहती थी। इसी वजह से वह गहरे अवसाद में चला गया और आत्महत्या का फैसला कर लिया।

पुलिस टीम ने युवक को काउंसलिंग दी। युवक ने भविष्य में ऐसी कोई गलती न करने का आश्वासन दिया। परिजनों ने थाना चोलापुर की पुलिस की तत्परता और सहयोग के लिए वाराणसी पुलिस का आभार व्यक्त किया।

मेटा और उत्तर प्रदेश पुलिस की साझेदारी

उत्तर प्रदेश पुलिस और मेटा कंपनी के बीच वर्ष 2022 से चली आ रही व्यवस्था के तहत यदि कोई व्यक्ति फेसबुक या इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी पोस्ट करता है तो मेटा कंपनी तुरंत ई-मेल और फोन के माध्यम से पुलिस को अलर्ट भेजती है। इसी व्यवस्था के तहत इस बार भी अलर्ट प्राप्त हुआ और युवक की जान बचाई जा सकी।

पुलिस का संदेश

वाराणसी पुलिस ने सभी युवाओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की मानसिक परेशानी या अवसाद की स्थिति में तुरंत परिजनों, दोस्तों या हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। आत्महत्या कोई समाधान नहीं है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button