वाराणसी में भू-माफियाओं के खिलाफ बड़ा मोर्चा: मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन, विशेष राजस्व टास्क फोर्स (STF-R) गठन की मांग
भूमि अतिक्रमण विरोधी मोर्चा ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से उठाई आवाज, सरकारी और सार्वजनिक जमीनों को कब्जा मुक्त कराने की चेतावनी

रिपोर्ट: वीरेंद्र पटेल।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी में सरकारी और सार्वजनिक जमीनों पर हो रहे अवैध कब्जों के खिलाफ नागरिक मुखर होने लगे हैं। इसी क्रम में भूमि अतिक्रमण विरोधी मोर्चा (काशी-मध्य वाराणसी) के जिला संयोजक राघव पांडेय के नेतृत्व में सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय प्रतिनिधियों द्वारा सिटी मजिस्ट्रेट वाराणसी के माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा गया। इस ज्ञापन के जरिए मोर्चा ने वाराणसी सहित पूरे प्रदेश में सरकारी एवं सार्वजनिक भूमियों पर हो रहे अवैध अतिक्रमण, भू-माफियाओं की बढ़ती सक्रियता तथा प्रशासनिक स्तर पर व्याप्त अनियमितताओं पर कठोर एवं त्वरित दंडात्मक कार्रवाई करने की पुरजोर मांग उठाई है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में इस बात पर गहरा असंतोष व्यक्त किया गया है कि प्रदेशभर में सरकारी भूमि, नजूल भूमि, निष्क्रांत संपत्तियों, वक्फ, भूदान तथा अन्य सार्वजनिक व सामाजिक स्थलों पर अवैध कब्जों के कारण आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि फर्जी अभिलेखों (दस्तावेजों), अवैध प्लॉटिंग और भू-माफियाओं के सुनियोजित गठजोड़ के माध्यम से सरकारी संपत्तियों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुँचाया जा रहा है, जो वर्तमान सामाजिक एवं प्रशासनिक व्यवस्था के लिए एक अत्यंत गंभीर चिंता का विषय बन चुका है।
इस गंभीर समस्या के स्थाई समाधान के लिए मोर्चा की ओर से मांग की गई है कि प्रदेश स्तर पर एक विशेष राजस्व टास्क फोर्स (STF-R) का गठन किया जाए, जो भू-माफियाओं, भ्रष्ट अधिकारियों एवं अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सीधे सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कर सके। इसके साथ ही जिला स्तर पर फास्ट ट्रैक राजस्व न्यायालयों की स्थापना करने की भी वकालत की गई है, ताकि भूमि अतिक्रमण से जुड़े वर्षों से लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जा सके। इस दौरान जिला संयोजक राघव पांडेय ने सख्त लहजे में कहा कि भूमि जनता की धरोहर है और इस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि भूमि अतिक्रमण विरोधी मोर्चा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर प्रशासन तक निरंतर संघर्ष करता रहेगा।
इस पूरे अभियान और ज्ञापन सौंपने के कार्यक्रम का सफल नेतृत्व जिला संयोजक राघव पांडेय द्वारा अपनी समस्त टीम और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ मिलकर किया गया। इस अवसर पर मोर्चा के तमाम पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर “जमीन हमारी — नहीं सहेंगे अतिक्रमण” और “एकजुट समाज — सुरक्षित भविष्य” के गगनभेदी नारों के साथ भूमि माफियाओं के विरुद्ध आर-पार की लड़ाई का शंखनाद किया।




