Varanasi

आज से खुलेंगे परिषदीय स्कूल, सुबह 7:30 से दोपहर 12:30 बजे तक चलेगी कक्षाएं

गर्मी को देखते हुए बदला गया समय, स्कूलों में साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था के दिए गए निर्देश

माधवी मिश्रा, वाराणसी

 

 

वाराणसी। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद जिले के कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय विद्यालय मंगलवार से फिर से गुलजार हो जाएंगे। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर विद्यालयों का संचालन फिलहाल सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक किया जाएगा। इस संबंध में बेसिक शिक्षा विभाग ने सभी विद्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।

बीएसए ने जारी किए संचालन संबंधी निर्देश

बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह ने सभी परिषदीय विद्यालयों को स्कूल खुलने से पूर्व आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालयों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, पेयजल, फर्नीचर, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का आकलन करने के लिए कहा गया है।

विद्यालय परिसर की सफाई पर विशेष जोर

बीएसए ने बताया कि सभी विद्यालयों को कंपोजिट ग्रांट की 50 प्रतिशत राशि उपलब्ध करा दी गई है। इस धनराशि का उपयोग विद्यालय परिसर, कक्षाओं, खिड़कियों, दरवाजों, पंखों, फर्नीचर और ब्लैकबोर्ड की सफाई एवं रखरखाव में किया जाए। साथ ही विद्यालय के आसपास जलभराव, गंदगी और अन्य अव्यवस्थाओं को दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

पेयजल और शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश

विद्यालयों में छात्रों के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है। पेयजल टंकियों, वाटर कूलर और अन्य जल स्रोतों की सफाई कर उन्हें उपयोग के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सभी शौचालयों की सफाई और नियमित कीटाणुशोधन सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।

बरसात को देखते हुए सुरक्षा इंतजाम भी जरूरी

आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों में विद्युत सुरक्षा संबंधी सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। रसोईघर और मध्याह्न भोजन से जुड़े स्थानों की विशेष सफाई कर स्वच्छता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है। इसके अलावा विद्यालय परिसर में उगी झाड़ियों की कटाई, छतों की सफाई, जलभराव की समस्या के समाधान और मच्छरों व अन्य कीटों से बचाव के लिए दवा छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

नए सत्र की तैयारियां पूरी

शिक्षा विभाग का कहना है कि नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत को लेकर सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विद्यालय खुलने के साथ ही शिक्षण कार्य नियमित रूप से प्रारंभ होगा और छात्रों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button