ऑपरेशन ‘चक्रव्यूह’ में SOG और चोलापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध असलहे सहित सप्लाई गैंग के सात सदस्य गिरफ्तार
कटारी अंडरपास से दबोचे गए आरोपी, चार अवैध असलहे, कारतूस, चोरी की बाइक और मोबाइल फोन बरामद

आरिफ़ अंसारी, वाराणसी
वाराणसी। अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना चोलापुर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए अवैध शस्त्रों की खरीद-फरोख्त और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त सात शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार अवैध असलहे, भारी मात्रा में कारतूस, चोरी की एक मोटरसाइकिल तथा विभिन्न कंपनियों के छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस आयुक्त के निर्देशन में अपराध नियंत्रण और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में चोलापुर पुलिस धरसौना तिराहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान Varanasi SOG को मुखबिर से सूचना मिली कि कटारी ब्लॉक के पीछे स्थित अंडरपास के नीचे कुछ युवक अवैध पिस्टल और तमंचों के साथ मौजूद हैं तथा किसी बड़ी वारदात की फिराक में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसओजी की टीम स्थानीय पुलिस के साथ ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सातों आरोपियों को दबोच लिया।
VDA की काशी स्पोर्ट्स सिटी परियोजना पर उठे सवाल, हरसोस की जमीनों के सौदों सवालों के घेरे में
बरामद हुए आधुनिक हथियार और कारतूस
गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक .32 बोर रिवाल्वर, एक 7.65 एमएम पिस्टल, एक 9 एमएम पिस्टल और एक 315 बोर तमंचा बरामद किया गया। इसके अलावा विभिन्न बोर के कुल 13 जिंदा कारतूस भी पुलिस ने बरामद किए हैं। तलाशी के दौरान चोरी की एक मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन भी बरामद हुए, जिनके संबंध में पुलिस जांच कर रही है।
शौक से रखते थे हथियार, फिर करने लगे अपराध
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे अवैध तमंचे और पिस्टल अपने शौक के लिए रखते थे। बाद में इन्हीं हथियारों के बल पर लोगों को डराकर चोरी, छिनैती और लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देने लगे। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि अधिक पैसा मिलने पर वे राह चलते लोगों को अवैध हथियार और कारतूस बेचते थे। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन भी आरोपी हथियारों की बिक्री के उद्देश्य से एकत्र हुए थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गैंग का सरगना पहले से हिस्ट्रीशीटर
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में शामिल अखिलेश उर्फ मोनू राजभर थाना चोलापुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, चोरी, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी विभिन्न मामलों में आपराधिक रिकॉर्ड सामने आए हैं, जिनकी विस्तृत जांच की जा रही है।
अपराधियों के नेटवर्क की होगी जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि उन्हें हथियार कहां से प्राप्त होते थे और वे किन-किन लोगों को हथियार सप्लाई करते थे। आशंका है कि यह गिरोह लंबे समय से अवैध असलहों की खरीद-फरोख्त और अन्य आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।
आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ चोलापुर थाने में आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बरामद चोरी की मोटरसाइकिल और मोबाइल फोनों के संबंध में भी जांच जारी है।
अपराध के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वाराणसी में अपराध और अवैध हथियारों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
सैदपुर ब्लॉक में संग्राम: ब्लॉक प्रमुख ने सपा नेता पर लगाया रंगदारी, बंदूक के बट से मारपीट का आरोप




