Varanasi

Varanasi में सूदखोरों का आतंक: प्रताड़ना से तंग ऑटो चालक ने खाया जहर, हालात गंभीर, अस्पताल में भर्ती

₹50 हजार के कर्ज के बदले ₹87 हजार लौटाने का दावा, फिर भी ब्लैंक चेक के जरिए दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप

नीरज सिंह, वाराणसी

 

 

~ सूदखोर की कथित प्रताड़ना से परेशान युवक ने खाया जहर

~ अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा ऑटो चालक

~ मां ने वाराणसी पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

~ ₹50 हजार के कर्ज के बदले ₹87 हजार लौटाने का दावा

~ ब्लैंक चेक पर 5 लाख लिखकर मुकदमा करने की धमकी

 

 

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र में सूदखोरी और कथित मानसिक उत्पीड़न का एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने लगातार मिल रही धमकियों और मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका उपचार पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में चल रहा है। मामले में पीड़ित की मां ने शिवपुर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

 

ऑनलाइन एकाउंट में लिया था कर्ज, सूदखोर ने लिया ब्लैंक चेक और स्टाम्प

पीड़िता आशा देवी, निवासी सुद्धिपुर (शिवपुर), ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके पुत्र गौतम सेठ ने नुनारी (बड़ागांव) निवासी राहुल सेठ से ऑनलाइन माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 50 हजार रुपये उधार लिए थे। कर्ज के बदले सुरक्षा के तौर पर एक ब्लैंक बियरर चेक, और 100 रुपये के सादे स्टाम्प पर हस्ताक्षर करके आरोपी को दिया गया था।

ब्याज समेत ₹87 हजार लौटाने के बाद भी नहीं लौटाया चेक

परिजनों का आरोप है कि गौतम सेठ ने मूलधन और ब्याज मिलाकर कुल 87 हजार रुपये राहुल सेठ को चुका दिए थे। इसके बावजूद जब उसने अपना चेक वापस मांगा तो आरोपी ने चेक लौटाने से इनकार कर दिया। शिकायत के अनुसार, आरोपी लगातार अतिरिक्त धनराशि की मांग करता रहा और चेक बाउंस कराने की धमकी देकर युवक पर दबाव बनाता रहा।

जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी ने कई बार युवक को जान से मारने की धमकी भी दी। लगातार दबाव और धमकियों के चलते गौतम मानसिक तनाव में रहने लगा। परिवार का कहना है कि इसी तनाव और प्रताड़ना से परेशान होकर उसने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।

गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

जहर खाने के बाद परिजनों ने युवक को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।

पुलिस को सौंपे गए साक्ष्य, जांच शुरू

पीड़िता ने पुलिस को आरोपी का मोबाइल नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्य भी सौंपे हैं। परिवार ने आरोपी के खिलाफ सूदखोरी, धमकी और मानसिक उत्पीड़न के आरोपों की निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button