गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी के खिलाड़ी शुभम यादव बने भारतीय सेना का हिस्सा, हुआ भव्य सम्मान
पहली बार एकेडमी पहुंचने पर गुरुजनों और खिलाड़ियों ने किया गर्मजोशी से स्वागत।

रिपोर्ट: आकाश पाण्डेय।
सैदपुर, गाजीपुर। क्षेत्र के गैबीपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में गुरुवार को गर्व और सम्मान का माहौल देखने को मिला। भारतीय सेना में चयनित पूर्व ताइक्वांडो खिलाड़ी शुभम यादव सैन्य प्रशिक्षण पूरा कर पहली बार अपनी एकेडमी पहुंचे, जहां गुरुजनों, खिलाड़ियों और क्षेत्रीय लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
शुभम यादव, औड़िहार के निकट मल्हीपुर गांव निवासी शमशेर यादव के पुत्र हैं। उन्होंने करीब पांच वर्षों तक गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी में ताइक्वांडो का प्रशिक्षण प्राप्त किया। छह माह पूर्व उनका चयन भारतीय सेना के सिकंदराबाद प्रशिक्षण केंद्र के लिए हुआ था। प्रशिक्षण और कसम परेड सफलतापूर्वक पूरी करने के बाद अवकाश पर घर लौटे शुभम सबसे पहले अपने गुरु और एकेडमी परिवार से मिलने पहुंचे।
एकेडमी के प्रबंध निदेशक एवं वरिष्ठ ताइक्वांडो प्रशिक्षक अमित कुमार सिंह ने खिलाड़ियों के साथ शुभम यादव का माल्यार्पण कर स्वागत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी मनोज सिंह ने शुभम यादव एवं उनके पिता शमशेर यादव को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया तथा मिठाई खिलाकर बधाई दी।
अपने संबोधन में मनोज सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में संचालित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी लगातार राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार कर रही है, जो पूरे जनपद के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि ऐसे खिलाड़ी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं और देशसेवा का जज्बा मजबूत करते हैं।
एकेडमी के संचालक अमित कुमार सिंह ने बताया कि शुभम यादव शुरू से ही अनुशासित, मेहनती और समर्पित खिलाड़ी रहे हैं। उनकी सफलता एकेडमी के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में एकेडमी के लगभग एक दर्जन खिलाड़ी भारतीय थल सेना, सीआरपीएफ और उत्तर प्रदेश पुलिस में सेवाएं दे रहे हैं, जबकि कई खिलाड़ी भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) और आर्मी बॉयज़ स्पोर्ट्स कंपनी में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि एकेडमी के दो खिलाड़ी जल्द ही दक्षिण कोरिया और क्रोएशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम में पप्पू यादव, पहलवान शिवम यादव, शिवम दुबे, उदय प्रताप सिंह, विशाल कुमार, खुशी मोदनवाल, गोविंदा यादव सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




