
रंधा सिंह, चन्दौली
चंदौली। डीडीयू नगर स्थित जीटीआर रेलवे ब्रिज पर क्षतिग्रस्त पटिया और अंधेरे के कारण गुरुवार शाम बड़ा हादसा हो गया। ड्यूटी पर जा रहे डिप्टी स्टेशन सुपरिंटेंडेंट (डिप्टी एसएस) संतोष कुमार पांडेय पुल से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद रेलकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, संतोष कुमार पांडेय इंडियन इंस्टीट्यूट आवास से आरआरआई डीडीयू में अपनी ड्यूटी के लिए पैदल जा रहे थे। इसी दौरान जीटीआर ब्रिज पर क्षतिग्रस्त और अपनी जगह से हट चुकी पटिया अंधेरे के कारण उन्हें दिखाई नहीं दी। नतीजतन वह संतुलन खोकर पुल से सीधे नीचे रेलवे लाइन पर जा गिरे।
हादसे में उनके सिर, छाती और कमर में गंभीर चोटें आईं। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे रेलकर्मियों ने उन्हें अचेत अवस्था में उठाकर मंडल रेल अस्पताल पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हेरिटेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
क्षतिग्रस्त पटिया और अंधेरे ने खोली सुरक्षा व्यवस्था की पोल
इस हादसे ने जीटीआर रेलवे ब्रिज पर पैदल आवागमन करने वाले रेलकर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुल पर पटिया क्षतिग्रस्त थी या अपनी जगह से हट चुकी थी, तो समय रहते उसकी मरम्मत क्यों नहीं कराई गई? अंधेरे में आवागमन करने वालों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त रोशनी और चेतावनी संकेतों की व्यवस्था क्यों नहीं थी?
ड्यूटी पर जा रहे एक रेलकर्मी का पुल से नीचे रेलवे ट्रैक पर गिरना रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करता है। अब देखना होगा कि इस घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारी पुल की मरम्मत और सुरक्षा इंतजामों को लेकर क्या कदम उठाते हैं।




