पहड़िया में सुबह-सुबह दबंगो ने किया जानलेवा हमला, बड़ा भाई ICU में, सिर से कमर तक गंभीर चोटें; ICU में भर्ती
सारनाथ थाना क्षेत्र के पहड़िया में मैक्स शोरूम के पास की घटना, घायल युवक के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आने की बात; मोबाइल और कार की चाबी छीनने का भी आरोप

~ पहड़िया में दबंगो ने वक पर किया जानलेवा हमला
~ छोटा भाई भी मारपीट का शिकार; घायल ICU में भर्ती
~ सुबह करीब 6:15 बजे बाइक लेकर निकले अनीश गौतम को दबंगो ने घेरकर किया जानलेवा हमला
~ लहूलुहान और बेहोशी की हालत में रास्ते मे फेंका
~ सारनाथ थाना क्षेत्र के पहड़िया में मैक्स शोरूम के पास की घटना
~ घायल युवक के सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट
~ मोबाइल और कार की चाबी छीनने का भी आरोप
वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के पहड़िया इलाके में रविवार सुबह एक युवक के साथ कथित तौर पर बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान अनीश गौतम के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे तरना बाईपास स्थित इनोविया अस्पताल के आईसीयू (ICU) में भर्ती कराया गया है। इस मामले में घायल के छोटे भाई अभिषेक ने तीन युवकों पर हमले और उनके साथ भी मारपीट करने का आरोप लगाया है। साथ ही मोबाइल फोन और कार की चाबी छीनने की बात भी कही है।
सुबह बाइक लेकर निकले थे अनीश, कुछ देर बाद मिली घायल होने की सूचना
पीड़ित के छोटे भाई अभिषेक के अनुसार, सुबह करीब 6:15 बजे उनके बड़े भाई अनीश गौतम उनसे बाइक लेकर किसी काम से निकले थे। इसके करीब 15 से 20 मिनट बाद अभिषेक के मोबाइल पर सूचना आई कि उनके भाई को चोट लग गई है। सूचना मिलते ही वह अपनी कार से पहड़िया स्थित मैक्स शोरूम के पास पहुंचे।
अभिषेक का आरोप है कि मौके पर पहुंचने पर उन्होंने अपने बड़े भाई को पास की एक गली में लहूलुहान और बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। उनके मुताबिक, अनीश के सिर, पैर, हाथ, उंगलियों और कमर की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं। घायल की हालत को देखते हुए उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
बड़े भाई को देखने पहुंचे अभिषेक के साथ भी मारपीट का आरोप
अभिषेक का कहना है कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे, तो वहां मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें भी घेर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि अशोका इंस्टीट्यूट के आसपास के रहने वाले पंकज यादव, संदीप यादव और शिखर यादव इस घटना में शामिल थे।
अभिषेक के अनुसार, शिखर यादव उन्हें जबरन पल्सर बाइक पर बैठाकर अशोका इंस्टीट्यूट के बगल वाली गली में ले गया, जहां उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान उनका मोबाइल फोन और कार की चाबी भी छीन ली गई।
हालांकि, घटना में नामजद बताए गए युवकों की भूमिका और आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल उपलब्ध जानकारी के आधार पर आरोपों को स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं किया जा सका है।
थाने में दी तहरीर, घायल भाई ICU में भर्ती
अभिषेक ने बताया कि मारपीट के बाद उन्हें थाने के पास छोड़ दिया गया। इसके बाद उन्होंने संबंधित थाने में घटना के संबंध में तहरीर दी और अपने गंभीर रूप से घायल भाई अनीश को उपचार के लिए इनोविया अस्पताल में भर्ती कराया। परिजनों के मुताबिक, अनीश फिलहाल आईसीयू में उपचाराधीन है।
थाने पर जुटी भीड़, पुलिस कार्रवाई पर नजर
परिजनों के अनुसार, घटना के बाद थाने पर विपक्षी पक्ष के लोगों की भारी भीड़ जुटी हुई है। मामले में शिकायत दिए जाने के बाद अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।





One Comment