
आरिफ़ अंसारी, वाराणसी
वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र में कांस्टेबल अमित शुक्ला को गोली मारने की घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर मंदिर के पास शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान राज विश्वकर्मा के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार देर शाम नरिया तिराहे के पास आशुतोष नगर कॉलोनी में लंका थाने की क्राइम टीम असलहा तस्करी से जुड़े संदिग्धों को पकड़ने पहुंची थी। पुलिस टीम द्वारा दो युवकों को पकड़कर पूछताछ किए जाने के दौरान तीसरे युवक ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी थी। इस गोलीबारी में कांस्टेबल अमित शुक्ला को तीन गोलियां लगी थीं। पेट, पीठ और हाथ में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तत्काल बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था।
असलहा तस्करों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, कांस्टेबल अमित शुक्ला को लगी तीन गोलियां
लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस से हुआ आमना-सामना
सिपाही पर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। इसी दौरान लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और संदिग्ध बदमाश राज विश्वकर्मा के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान राज विश्वकर्मा के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
अमित शुक्ला पर हमले में शामिल होने की आशंका
पुलिस को आशंका है कि मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार हुआ राज विश्वकर्मा कांस्टेबल अमित शुक्ला पर हुए हमले में शामिल था। फिलहाल पुलिस उसकी भूमिका की जांच कर रही है। घटना से जुड़े अन्य लोगों, असलहा तस्करी के नेटवर्क और फायरिंग की पूरी परिस्थितियों की भी पड़ताल की जा रही है।
उधर, घायल कांस्टेबल अमित शुक्ला और मुठभेड़ में घायल राज विश्वकर्मा दोनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।




